
स्मृति मंधाना (फोटो- IANS)
AUS W vs IND W Highlights: मंगलवार को ब्रिस्बेन के एलन बॉर्डर फील्ड पर खेले गए पहले वनडे मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने 215 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 38.2 ओवर में सिर्फ 4 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने हार के लिए बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन को जिम्मेदार ठहराया।
इस मुकाबले में हरमनप्रीत कौर के स्थान पर कार्यवाहक कप्तान की जिम्मेदारी संभालने वालीं स्मृति मंधाना ने कहा, "हमने दो विकेट काफी जल्दी गंवा दिए थे, जिसके बाद चीजें आसान नहीं रहती हैं। हमने वापसी करने की अच्छी कोशिश की। विकेट वैसा नहीं रहा, जैसा हमने सोचा था।" नियमित कप्तान हरमनप्रीत इस मुकाबले के दौरान बल्लेबाजी करते हुए बाएं घुटना चोटिल करवा बैठीं, जिसके बाद वह दूसरी पारी में फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं उतरीं।
मंधाना से जब हरमनप्रीत कौर की चोट को लेकर सवाल पूछा गया, तो उपकप्तान ने कहा कि उन्होंने अभी तक हरमनप्रीत को देखा नहीं है। हालांकि, स्मृति ने उम्मीद जताई है कि भारतीय कप्तान जल्द ही ठीक हो जाएंगी। स्मृति मंधाना ने पहले वनडे मुकाबले में मिली हार के बाद प्लेइंग इलवेन में बदलाव करने की बात को साफतौर पर खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि टीम अच्छा क्रिकेट खेल रही है और हम सिर्फ एक हार के बाद अंतिम एकादश में बदलाव नहीं करेंगे।
हालांकि, उपकप्तान ने माना कि टीम का बैटिंग ऑर्डर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के आगे पूरी तरह से फेल रहा। उन्होंने कहा कि एक बैटिंग यूनिट के तौर पर हमें एकसाथ आकर अच्छा टोटल स्कोरबोर्ड पर लगाना होगा। टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की पूरी टीम सिर्फ 214 रन बनाकर सिमट गई। मेहमान टीम की तरफ से स्मृति मंधाना ने सर्वाधिक 58 रन बनाए, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 84 गेंदों का सामना करते हुए 53 रनों का योगदान दिया। काश्वी गौतम ने 43, जबकि ऋचा घोष ने 23 रन बनाए।
इसके जवाब में, ऑस्ट्रेलिया ने 215 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 38.2 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। बेथ मूनी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 79 गेंदों में 76 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, एलिसा हीली ने 70 गेंदों में 50 रन बनाए। अब सीरीज का दूसरा और तीसरा मुकाबला होबार्ट में खेला जाएगा। इसके बाद महिला टीम इस दौरे का इकलौता टेस्ट पर्थ स्टेडियम में 6 मार्च से खेलेगी।
Published on:
24 Feb 2026 05:59 pm
