
T20 World Cup 2024: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम की घोषणा हो चुकी है। इस टीम की कमान बाबर आजम को सौंप दी गई है तो उपकप्तान की जिम्मेदारी किसी को नहीं दी गई है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन आफरीदी ने पाकिस्तान का उपकप्तान बनने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, जिसके बाद एक जून से अमेरिका और वेस्ट इंडीज में होने वाले इस आईसीसी टूर्नामेंट के लिए बिना उपकप्तान के ही टीम का ऐलान करना पड़ा।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की चयन समिति ने शाहीन को विश्व कप में बाबर आजम का डिप्टी बनाने की बात उठाई थी लेकिन उन्होंने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया। पाकिस्तान की चयन समिति ने यह प्रस्ताव शाहीन के सामने रखा था लेकिन वह इसे स्वीकार करने को इच्छुक नहीं थे, जिसके बाद विश्व कप के लिए टीम की घोषणा की समयसीमा समाप्त होने से कुछ घंटों पहले बिना किसी उपकप्तान के पाकिस्तान के दल की घोषणा कर दी गई। शाहीन से एक ही सीरीज में खराब प्रदर्शन के बाद टी20 कप्तानी छीन ली गई थी, जिसके बाद काफी विवाद भी हुआ था।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने मार्च में ही एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए इसके संकेत दिए थे कि जल्द ही शाहीन की कप्तानी जा सकती है। बाबर आजम को दोबारा कप्तान नियुक्त किए जाने के बाद पीसीबी ने शाहीन के हवाले से उनका एक बयान जारी किया था, जिस पर शाहीन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। शाहीन की प्रतिक्रिया के बाद पीसीबी के चेयरमैन पाकिस्तानी टीम के ट्रेनिंग कैंप में पहुंच गए थे। शाहीन द्वारा प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद एक बार फिर इस दावे को हवा मिली है कि शाहीन और बोर्ड के रिश्ते अब भी पूरी तरह से ठीक नहीं हुए हैं।
Updated on:
25 May 2024, 9:26 PM IST
Published on:
25 May 2024, 9:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.