
अमरीका, ओमान के बाद नामीबिया और पापुआ न्यू गिनी को मिला वनडे इंटरनेशनल का दर्जा
विंडहोक : दो दिनों पहले ओमान और अमरीका ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का दर्जा हासिल किया था और अब दो और देश की क्रिकेट टीम नामीबिया और पापुआ न्यू गिनी ने भी यह दर्जा हासिल कर लिया है। इसी के साथ इन दोनों देशों ने भी आईसीसी विश्व कप डिवीजन-2 में खेलने की पात्रता हासिल कर ली।
2003 विश्व कप के बाद नामीबिया की वापसी
बता दें कि नामीबिया 2003 के एकदिवसीय विश्व कप में भी खेल चुका है। इसके बाद से उसने पहली बार एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब जाकर वापसी की है।
नामीबिया ने आईसीसी विश्व क्रिकेट लीग डिवीजन-2 टूर्नामेंट में हांगकांग को हराकर यह दर्जा हासिल किया है। इस लीग के एक मैच में नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जेपी कोट्जे के (148) और स्टीफन बार्ड (122) के शतकों की बदौलत निर्धारित 50 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 396 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और उसके बाद हांगकांग की पूरी टीम को मात्र 245 रन पर समेट कर 151 रनों की बड़ी जीत हासिल की।
पापुआ न्यू गिनी ने ओमान को हराया
वहीं लीग के एक और मैच में पापुआ न्यू गिनी ने ओमान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट के नुकसान पर 221 रन बनाए और शानदार गेंदबाजी का नमूना पेश कर ओमान को मात्र 76 रनों पर लुढ़का कर 145 रनों की जबरदस्त जीत हासिल की। इस जीत के साथ उसने भी एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का दर्जा हासिल किया।
Updated on:
27 Apr 2019 06:05 pm
Published on:
27 Apr 2019 06:05 pm
