
उस्मान तारिक (फोटो- IANS)
Ind vs Pak T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 में पहुंचने के लिए पाकिस्तान अपनी पूरी ताकत झोंकने के लिए तैयार है। भारतीय टीम के खिलाफ मिली शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान की टीम अब किसी भी गलती को दोहराना नहीं चाहती है। 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबले में पाकिस्तानी बल्लेबाज बुरी तरह फ्लॉप रहे थे, जिसकी वजह से पाकिस्तान को 61 रन से हार का सामना करना पड़ा।
इस हार के कारण पाकिस्तान को न सिर्फ दो अंकों का नुकसान हुआ, बल्कि नेट रन रेट के मामले में भी वह USA से पीछे चला गया। अब पाकिस्तान को अपना आखिरी मुकाबला नामीबिया के खिलाफ खेलना है और अगर पाकिस्तान इस मुकाबले को जीत लेता है, तो वह भारत के साथ सुपर 8 में पहुंच जाएगा। पाकिस्तान और नामीबिया के बीच यह मुकाबला 18 फरवरी को सिंहलेज स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगा।
पाकिस्तान के इस मुकाबले के नतीजे के साथ ही ग्रुप ए का समीकरण भी साफ हो जाएगा। इस मैच से पहले पाकिस्तान के स्टार गेंदबाज उस्मान तारिक ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने अब ठान लिया है कि वह कोई गलती नहीं करेगा और भारत के खिलाफ हुई गलतियों को दोबारा नहीं दोहराएगा। तारिक ने कहा, “हम फैंस की तकलीफ समझते हैं, लेकिन मुझे यकीन है कि अगली बार जब भी हम भारत से खेलेंगे तो बेहतर प्रदर्शन करेंगे।”
उन्होंने बाबर आजम और शाहीन अफरीदी को लेकर भी बड़ा बयान दिया और कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को कई मैच जिताए हैं और एक मैच में खराब प्रदर्शन के आधार पर उन्हें बेकार नहीं समझा जाना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान का लक्ष्य फाइनल खेलना और ट्रॉफी जीतना है और इसके लिए टीम पूरी कोशिश करेगी।
Updated on:
17 Feb 2026 05:28 pm
Published on:
17 Feb 2026 05:28 pm
