
वैभव सूर्यवंशी। (फाइल फोटो: IANS)
Vaibhav Sooryavanshi statement on Chris Gayle: जूनियर क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अब क्रिकेट जगत में एक बड़ा और ऐतिहासिक लक्ष्य तय कर लिया है। इस युवा सनसनी ने खुलेआम ऐलान किया है कि वह टी20 क्रिकेट के इतिहास में दोहरा शतक (200 रन) बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बनना चाहते हैं।
वैभव की नजरें सीधे यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल के उस ऐतिहासिक नाबाद 175 रनों के रिकॉर्ड पर हैं, जो उन्होंने साल 2013 के आईपीएल में बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ बनाया था। पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय से यह रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ पाया है। दिग्गज क्रिकेटर केविन पीटरसन के यूट्यूब शो 'द स्विच' (The Switch) पर बातचीत के दौरान वैभव ने अपने इस बड़े सपने का खुलासा किया।
जब वैभव ने कहा, 'मैं टी20 में 200 रन बनाना चाहता हूं,' तो पीटरसन ने उन्हें याद दिलाया कि 'क्रिस गेल के नाम 175 रन का रिकॉर्ड है।' इस पर 15 साल के इस खिलाड़ी ने बड़े आत्मविश्वास से जवाब दिया, 'हां, मैं उनका रिकॉर्ड तोड़कर 200 रन बनाना चाहता हूं। अगर मुझे किसी भी मैच में पूरे 20 ओवर खेलने का मौका मिला, तो मैं निश्चित रूप से इस रिकॉर्ड को तोड़ दूंगा।'
वैभव की अब तक की विस्फोटक पारियों को देखकर यह नामुमकिन भी नहीं लगता। वह इससे पहले विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार के लिए 190 रन और अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में 175 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेल चुके हैं। टी20 में उनका व्यक्तिगत सर्वोच्च स्कोर 144 रन है।
इतना ही नहीं, पिछले साल उन्होंने इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ सिर्फ 52 गेंदों में शतक जड़कर यूथ वनडे क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज शतक लगाया था। साथ ही, यूएई के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप में उन्होंने ऋषभ पंत और अभिषेक शर्मा जैसे दिग्गजों की बराबरी करते हुए भारत के लिए तीसरा सबसे तेज टी20 शतक भी ठोका था। अब देखना होगा कि यह युवा बल्लेबाज कब इतिहास के पन्नों को दोबारा लिखता है।
Published on:
25 May 2026 03:30 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
