
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Photo - IANS
Javed Afridi PSL Team Owner on Vaibhav Sooryavanshi: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) की तरफ से खेल रहे 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से वो गदर मचाया है कि पूरी दुनिया उनकी दीवानी हो गई है। हाल ही में एलिमिनेटर मैच में वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की जो विस्फोटक पारी खेली, उसने महान सचिन तेंदुलकर से लेकर क्रिस गेल जैसे दिग्गजों को हैरान कर दिया। अब वैभव की इस कमाल की बैटिंग की गूंज सरहद पार पाकिस्तान तक पहुंच गई है, जहां पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की टीम के एक बड़े मालिक ने वैभव के टैलेंट को देखकर उन्हें सलाम किया है।
हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 का खिताब जीतने वाली टीम पेशावर जाल्मी (जिसके कप्तान बाबर आजम हैं) के मालिक जावेद अफरीदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने लिखा, 'भाई, मैं 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की इस 97 रनों की शानदार पारी को देखकर पूरी तरह हैरान हूं। उन्होंने जिस तरह से बल्लेबाजी की, उसने सबको अपनी सीट से उठने पर मजबूर कर दिया। इतनी कम उम्र में ऐसा टैलेंट मिलना बहुत ही दुर्लभ और खास है।' जावेद अफरीदी ने आगे लिखा, 'बच्चे, तुम्हारे लिए बहुत सारा प्यार और सम्मान। तुम आने वाले वक्त के एक बड़े सुपरस्टार हो, ऐसे ही आगे बढ़ते रहो।'
जावेद अफरीदी ने वैभव सूर्यवंशी का उदाहरण देते हुए पाकिस्तान क्रिकेट और अपनी लीग पीएसएल को भी एक तरह से आईना दिखाया है। उन्होंने कहा कि आईपीएल की तरह ही पीएसएल जैसी लीगों का होना बहुत जरूरी है, ताकि पाकिस्तान के युवाओं को भी ऐसा मंच मिल सके और वे वैभव की तरह पूरी दुनिया में अपना हुनर चमका सकें।
वैभव सूर्यवंशी का यह आईपीएल में सिर्फ दूसरा साल है, लेकिन वह इस समय आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज (ऑरेंज कैप रेस में सबसे आगे) बन चुके हैं।
उन्होंने अब तक खेले 15 मैचों में 242.85 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से 680 रन ठोक दिए हैं। उनके इसी शानदार फॉर्म की बदौलत राजस्थान रॉयल्स की टीम अब आईपीएल 2026 की ट्रॉफी जीतने से सिर्फ दो कदम दूर है।
Updated on:
29 May 2026 12:00 pm
Published on:
29 May 2026 12:00 pm
