
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का श्रीलंका के खिलाड़ियों से विवाद होते हुए (Photo - Screengrab)
Vaibhav Sooryavanshi Controversy: भारत ए और श्रीलंका ए के बीच हाल ही में खेले खेली गई ट्राई सीरीज मुकाबले में हुए विवाद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने अपनी राय स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैदान पर हुई किसी भी घटना पर फैसला लेने का अधिकार सिर्फ मैच रेफरी और अंपायरों का होता है, ऐसे मामलों में BCCI की कोई भूमिका नहीं है।
यह विवाद उस समय हुआ था जब श्रीलंका ए ने सुपर ओवर में भारत ए को हराया था। मैच के बाद श्रीलंका ए के खिलाड़ी विषेन हलांबगे और भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के बीच तीखी बहस हो गई थी। आरोप है कि हलांबगे ने भारतीय बल्लेबाजों को लेकर कुछ उकसाने वाली टिप्पणी की थी, जिसके बाद माहौल गर्म हो गया। इसी दौरान 15 वर्षीय वैभव ने हलांबगे को अपने से दूर धक्का दिया था।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा शुरू हो गई कि BCCI वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ कोई कार्रवाई कर सकता है। हालांकि सैकिया ने इन अफवाओं को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि BCCI किसी भी हालत में मैच रेफरी के अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप नहीं करेगा। मैदान पर जो कुछ भी हुआ, उसका आकलन और फैसला करने की जिम्मेदारी मैच रेफरी और अंपायरों की है। यदि कोई गलती हुई होगी तो नियमों के अनुसार कार्रवाई भी वही करेंगे।
रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका क्रिकेट द्वारा लाए मैच रेफरी प्रदीप जयप्रकाश ने इस मैच से जुड़े मामलों में विषेन हलांबगे और अनुभवी विकेटकीपर निरोशन डिकवेला पर कार्रवाई की है। हलांबगे पर भारतीय खिलाड़ियों के खिलाफ भड़काऊ कमेंट करने का आरोप था, जबकि डिकवेला को जरूरत से ज्यादा अपील करने के कारण दंडित किया गया। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि भारतीय खिलाड़ियों, जिनमें वैभव सूर्यवंशी और कप्तान तिलक वर्मा शामिल हैं, को कोई चेतावनी या सजा दी गई है या नहीं। मुकाबले में दोनों टीमों ने 265-265 रन बनाए थे, जिसके बाद सुपर ओवर खेला गया। 17 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ए सिर्फ नौ रन ही बना सका और श्रीलंका ए ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
संबंधित विषय:
Updated on:
18 Jun 2026 04:04 pm
Published on:
18 Jun 2026 02:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
