
Indian Premier league 2024: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 17वां संस्करण खेला जा रहा है। हर साल की तरह इस साल भी यह टूर्नामेंट बेहद रोमांचक मोड़ में पहुंच गया है और टॉप 4 में जगह बनाने के लिए टीमें एड़ी चोटी का ज़ोर लगा रही हैं। आईपीएल 2024 में तीन ऐसे खिलाड़ी हैं। जो 2008 में खेले गए आईपीएल के पहले सीजन का हिस्सा थे। आइए नज़र डालते हैं इन खिलाड़ियों पर -
रिद्धिमान साहा -
गुजरात टाइटंस (GT) के विकेटकीपर बल्लेबाज रिद्धिमान साहा आईपीएल के पहले मुक़ाबले में खेले थे। साहा इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की ओर से खेले थे। लेकिन उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला था। साहा ने आईपीएल के पहले तीन सीजन केकेआर के लिए खेले हैं। लेकिन 2011 में उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने एमएस धोनी के लिए रिजर्व विकेटकीपर के रूप में चुना। उन्होंने 2012 और 2013 में चेन्नई सुपर किंग्स का भी प्रतिनिधित्व किया था।
ईशांत शर्मा -
2008 में ऑस्ट्रेलिया में अपने दमदार प्रदर्शन के आधार पर इशांत शर्मा को नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 950,000 डॉलर की बोली लगा कर खरीदा था। बेंगलुरु के खिलाफ पहले मुक़ाबले में ईशांत ने तीन ओवर में मात्र सात रन देकर एक विकेट झटका था। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान राहुल द्रविड़ को अपने ओवर की पहली गेंद पर बोल्ड किया था। ईशांत आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का हिस्सा हैं।
विराट कोहली -
विराट कोहली ने आईपीएल के सभी सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेले हैं। आईपीएल के पहले मुक़ाबले में उन्होंने पांच गेंद पर एक रन बनाए थे। उन्हें केकेआर के गेंदबाज अशोक डिंडा ने क्लीन बोल्ड किया था।
आईपीएल के इतिहास का पहला मुक़ाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेला गया था। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुक़ाबले में केकेआर ने बेंगलुरु को 140 रनों के बड़े अंतर से हराया था। केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 222 रन बनाए थे। विकेट कीपर बल्लेबाज ब्रैंडन मैक्कुलम ने 158 रनों की पारी खेली थी। जवाब में बेंगलुरु की टीम 15.1 ओवर में मात्र 82 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। बेंगलुरु के 10 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाये थे।
Published on:
04 May 2024 03:06 pm
