
बिहार: सीवान में जेडीयू के पूर्व नेता के बेटे की हत्या, पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली। बिहार के सिवान से बड़ी खबर सामने आई है। यहां जेडीयू के एक पूर्व नेता के बेटे की हत्या कर दी गई है। जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम कुछ बदमाशों ने यहां स्थानीय स्तर पर जेडीयू के नेता रहे स्व. सुरेंद्र पटेल के 13 वर्षीय बच्चे की हत्या कर दी। बदमाशों ने पहले बच्चे का अपहरण किया था, जिसके बदले परिवार वालों से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। वहीं, फिरौती नहीं मिलने से क्षुब्ध बदमाशों ने बच्चे की हत्या कर दी। बच्चे का शव रात करीब 2 बजे पास ही के एक खेत से बरामद किया गया।
सिवान के पुलिस कप्तान के अनुसार बदमाशों ने बच्चे का अपहरण फिरौती के लिए किया था। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। आपको बता दें कि बिहार में क्राइम की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। इससे पहले सीवान में राजद के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के भतीजे युसूफ की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। बदमाशों की ताबड़तोड़ गोलियों से घायल युसूफ ने हॉस्पिटल पहुंचते—पहुंचते दम तोड़ दिया था।
वहीं, राजद नेता इंदल पासवान की भी हत्या का मामला भी काफी चर्चा में रहा था। हमले के समय इंदल वह एक श्राद्ध कार्यक्रम से घर लौट रहे थे, तभी गांव में ही घात लगाए बैठे बदमाशों ने इंदल पासवान पर गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी थी। आपको बता दें कि बिहार में लगातार बढ़ रहे आपराधिक मामले सीएम नीतीश कुमार के लिए चुनौती बने हुए हैं। यही कारण है कि लोकसभा चुनाव में विपक्ष क्राइम को मुद्दा बनाकर नीतीश सरकार को बैकफुट पर लाना चाहता है।
Updated on:
4 Apr 2019, 3:12 PM IST
Published on:
4 Apr 2019, 10:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.