
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आज तेलंगाना में करेंगे रैली, विशाखापत्तनम में रोड शो
नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार तेलंगाना में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। अमित शाह यहां करीमनगर में जनसभा को संबोधित कर भाजपा उम्मीदवार के लिए वोट मांगेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार भाजपा अध्यक्ष सुबह 11.45 बजे करीमनगर और दोपहर 1.30 बजे वारंगल में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। सूत्रों के अनुसार तेलंगाना के बाद अमित शाह आंध्र प्रदेश का रुख करेंगे और 3.30 बजे गुंटूर में रैली करेंगे, जबकि शाम 6 बजे विशाखापत्तनम में रोड शो करेंगे।
इससे पहले भाजपा अध्यक्ष ने बुधवार को उत्तराखंड के उत्तकाशी में रैली को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। नेशनल कान्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला द्वारा जम्मू एवं कश्मीर में अलग प्रधानमंत्री की मांग पर कांग्रेस की 'चुप्पी' को लेकर उन्होंने कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि उमर अब्दुल्ला कहते हैं कि कश्मीर में अलग प्रधानमंत्री होना चाहिए। उनके सहयोगी पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस चुप है। वह जानना चाहते हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी स्पष्ट करें कि वह इस मांग का समर्थन करते हैं या विरोध?
Updated on:
4 Apr 2019, 12:20 PM IST
Published on:
4 Apr 2019, 8:52 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.