Father Killed Son: बिहार के सीतामढ़ी जिले से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने दो बेटों की चाकू मारकर हत्या कर दी। सनकी आरोपी ने पत्नी पर भी चाकू से कई वार किए। फिलहाल महिला की हालत नाजुक है। उसका इलाज चल रहा है।
Bihar Sitamarhi Crime News: मां सीता की जन्मभूमि सीतामढ़ी से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक सनकी पिता ने छह और चार साल के दो मासूम बेटों की चाकू मारकर हत्या कर दी। साथ ही आरोपी ने पत्नी पर भी कई वार किए। महिला की हालत नाजुक बनी है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल दहला देने वाली इस घटना की जानकारी सामने आते ही इलाके में सनसनी फैली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना बीती रात 12 बजे की है। सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र के बरहरवा सरेह में आरोपी ने दोनों बच्चों और पत्नी को मारकर जलाने की कोशिश की। बताया जाता है कि इस दौरान गंभीर रूप से घायल महिला अपने बच्चों को बचाने के लिए बार-बार पुआल के टाल में छिप रही थी, लेकिन सनकी पति सभी की हत्या करने की फिराक में था। बीबी-बच्चों के पुआल में छिपने के बाद सनकी आरोपी ने उसमें आग लगा दी।
इस घटना में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत नाजुक है। आरोपी ने इस घटना को क्यों अंजाम दिया, इसका कारण अभी तक तो सामने नहीं आ सका है। गंभीर रूप से घायल महिला फिलहाल बात कर पाने की स्थिति नहीं है। उसके होश में आने के बाद ही हत्या का कारण और घटनाक्रम पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगा। सुबह में ग्रामीणों ने महिला को जख्मी हालत में देखकर पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
दूसरी ओर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि नेपाल का रहने वाला रोशन कुमार अपनी पत्नी को मायके छोड़ने कहकर घर से निकला। रोशन का ससुराल सोनबरसा थाना क्षेत्र के इनरवा गांव में है। वो वहां नहीं जाकर डुमरा थाना क्षेत्र के बरहरवा गांव पहुंच गया। इसी दौरान बरहरवा गांव के समीप सड़क पर दोनों बच्चों को पटक दिया और धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी। उसने अपनी पत्नी पर भी धारदार हथियार से वार किया, लेकिन उसके शोर मचाने के बाद ग्रामीण जुट गए और उसकी जान बच गई।
फिलहाल डीएसपी सुबोध कुमार के नेतृत्व में डुमरा थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस मृतक के घर और परिजनों की तलाश कर रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बेहोशी की हालत से पहले घायल महिला ने बताया गया कि वह सोनबरसा थाना क्षेत्र के इनारवा की रहने वाली है। मालूम हो कि इनारवा घटनास्थल से लगभग 30 किलोमीटर दूर है।