
नई दिल्ली। बिहार (Bihar) में कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। लेकिन चुनाव से पहले बिहार में कई अपाराधिक मामले सामने आए हैं। पटना में जनता दल युनाइटेड ( JDU ) के छात्र नेता कन्हैया कौशिक (Kanhaiya Kaushik ) की गोली मारकर हत्या ( Murder ) कर दी गई है। वहीं उसके एक साथी को भी गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कन्हैया कौशिक ( JDU Student leader ) की होली ( Holi ) के दिन ही बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। उसे पटना के पटेल नगर में गोली मारी गई। बता दें कि कन्हैया छात्र जेडीयू का पूर्व प्रदेश महासचिव रह चुका है। इसके अलावा वह एएन कॉलेज में छात्रसंघ का उपाध्यक्ष भी था।
हत्या की वजह
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कन्हैया की हत्या की वजह आपसी रंजिश बताई जा रही है। दरअसल, होली मिलन समारोह के एक कार्यक्रम में कुश नामक एक युवक का नाम बैनर पोस्टर में नहीं था। जबकि उसी पोस्टर में कन्हैया कौशिक का नाम था। इस बात को लेकर कुश कन्हैया से नाराज था। कुश को जानकारी मिली थी कन्हैया ने उसका नाम पोस्टर में से हटाया था।
हत्या से पहले इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ था। कन्हैया ने एसकेपुरी थाने में कुश के खिलाफ शिकायत भी की थी। लेकिन कन्हैया को लेकर कुश का गुस्सा काफी बढ़ता जा रहा था, जिसके बाद उसने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कुश ने कन्हैया को समझौते के लिए पटेल नगर बुलाया। जब कन्हैया उनसे मिलने पहुंचा तो हत्यारों ने उस पर गोलियां चला दी। बदमाशों ने कन्हैया पर पांच राउंड गोलियां चलाई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
पुलिस पर खड़े हुए सवाल
कन्हैया की हत्या के बाद अब पुलिस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, छात्र नेता की मौत पर JDU नेताओं में भी आक्रोश देखने को मिल रहा है। छात्र जेडीयू नेताओं ने कन्हैया के दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। एसएसपी ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी है। सिटी एसपी इसका नेतृत्व करेंगे।
Updated on:
13 Mar 2020 12:35 pm
Published on:
11 Mar 2020 09:47 am
