
ऑनर किलिंग: गर्भवती पत्नी के सामने अज्ञात हमलावर ने किया पति का कत्ल, ससुर पर लग रहा है हत्या का आरोप
हैदराबाद। सदियों से मुहब्बत का दुश्मन ये जमाना रहा है। जब-जब प्यार पर पहरा हुआ, प्यार उतना ही गहरा हुआ है। ऐसा ही कुछ प्रणय और अमृता के बीच में हुआ। उनका प्यार परवान चढ़ा और दोनों ने शादी कर ली। लेकिन शायद ये किसी को मंजूर नहीं था। शादी के छह महीने बाद अमृता के पति को उसी के सामने मौत के घाट उतार दिया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद अमृता सदमे में है।
गर्भवती थी अमृता
ऑनर किलिंग की ये घटना तेलंगाना राज्य के नलगोंडा जिले की है। इस दिल दहलाने देने वाली घटना को अज्ञात हमलावर ने मिर्यालगुड़ा में उस वक्त अंजाम दिया जब युवक अपनी गर्भवती पत्नी और मां के साथ अस्पताल से लौट रहा था। शहर के विनोबा नगर के पेरुमल्ला प्रणय नामक शख्स की पीछे से आए एक व्यक्ति ने हंसिए ( एक तरह की कुल्हाड़ी) से हमला कर हत्या कर दी। हमलावर घटनास्थल पर ही हथियार छोड़ कर फरार हो गया। इस नृशंस हत्या की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमे एक लंबे-चौड़े कद का व्यक्ति पीछे से प्रणय पर जोरदार वार करता हुआ नजर आ रहा है। गर्भवती पत्नी और मृतक की मां हमलावर को रोक रही है। एक नन्ही जान को अपने शरीर में पाले अमृत के सामने ही पति की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है।
लिंक पर क्लिक कर घटना का सीसीटीवी वीडियो देख सकते हैं - Video: नलगोंडा ऑनर किलिंग मामले का वीडियो आया सामने, मां और पत्नी के सामने कर दी युवक की नृशंस हत्या
पिता पर लग रहे हैं आरोप
खबरों के मुताबिक, प्रणय और अमृता बचपन से एक दूसरे को जानते थे। कॉलेज में भी साथ पढ़े। साथ जीने मरने की कसमें खा चुके प्रणय और अमृता ने छह महीने पहले प्रेम विवाह कर लिया। प्रणय दलित समुदाय से संबंध रखता था। अमृता वैश्य समुदाय से ताल्लुक रखी थी। कहा जा रहा है कि अमृता ने अपने घरवालों के खिलाफ जाकर शादी की। प्रणय के परिजनों ने अमृता के पिता मारूथी पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि , " गणेश चतुर्थी पर मारूथी राव ने अमृता वृषणी को फोन किया। उसने अपने पिता को शुक्रवार को अस्पताल जाने की खबर दी थी। प्रणय के पिता बालास्मे ने मारूथी राव पर अपने बेटे की हत्या का आरोप लगाया है, उनका कहना है कि बाहर से अपराधी को बुलाकर घटना को अंजाम दिया गया। उनका कहना है कि मारूथी पहले भी प्रणय को कई बार धमकी दे चुका था। प्रणय की मां प्रमीला ने बताया कि जब मारूथी राव को पता चला कि उनकी बेटी गर्भवती है तो वह उसका गर्भपात कराना चाह रहा था। पुलिस ने जानकारी दी है कि इस मामले में मारूथी राव आरोपी नंबर एक है और उसका भाई सरावन आरोपी नंबर दो हैं। उनकी पकड़ के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस ने आरोपी की जानकारी देने के लिए दो नंबर भी ( 9440795600, 9440795636 ) जारी किए हैं। अहम, सम्मान की रक्षा के लिए की जानेवाली इस हत्या यानी 'ऑनर किलिंग' से कुछ हासिल तो आरोपियों को हुआ नहीं। बेटी का सुहाग मार दिया गया। अगर बेटी और उसके पति के प्रति गुस्सा था तो उनको उनकी जिंदगी में जीने देते।
Published on:
15 Sept 2018 01:13 pm
बड़ी खबरें
View Allक्राइम
ट्रेंडिंग
