
कर्नाटक: मुश्किल में जी जनार्दन रेड्डी, 600 करोड़ रुपये के निवेश घोटाले का आरोप
बेंगलुरु। कर्नाटक के चर्चित खनन कारोबारी और भाजपा नेता जी जनार्दन रेड्डी एक बार फिर मुश्किलों में घिर सकते हैं। इस बार रेड्डी 600 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी को लेकर संदेह के दायरे में आ गए हैं। रेड्डी पर निवेश धोखाधड़ी के आरोपी सैयद अहमद फरीद को मदद पहुंचाने का आरोप है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि रेड्डी और उनके सहयोगी अली खान को प्रवर्तन निदेशालय के अफसरों से 'डील' करने के लिए फरीद से 18 करोड़ रुपये की कीमत का 57 किलोग्राम गोल्ड मिला था।
दरअसल, फरीद और उनके बेटे सैयद अहमद आफाक पर हजारों निवेशकों के साथ धोखाधड़ी का आरोप है। आरोप है कि उन्होंने दिसंबर 2016 में अपनी ऐम्बिडेंट मार्केटिंग कंपनी के माध्यम से बड़ा फ्रॉड़ किया था। पुलिस आयुक्त टी सुनील कुमार के अनुसार कई लोगों से मिली शिकायत के आधार पर क्राइम ब्रांच ऐम्बिडेंट मार्केटिंग कंपनी के जांच कर रही है। सुनील कुमार ने बताया कि बैंक अकाउंटस को सीज कर उनकी जांच की जा रही है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि 18 करोड़ के एक लेनदेन को लेकर संदेह बना हुआ है। जी जनार्दन रेड्डी और अली खान समेत अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। आरोपी रेड्डी के घर पर पड़े छापे के दौरान पुलिस को कुछ दस्तावेज बरामद हुए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यहां आरटी नगर से संचालित ऐम्बिडेंट मार्केटिंग कंपनी ने 15 हजार निवेशकों से पैसा लिया था। चूंकि इन निवेशकों में अधिकांश मुस्लिम थे, तो उनसे वादा किया गया था कि कंपनी उन्हें इस पैसे पर इस्लामिक तरीके से रिटर्न देगी। इस दौरान कंपनी ने इन निवेशकों से 30 से 40 प्रतिशत तक रिटर्न देने का वादा किया। हलांकि शुरुआती दौर में निवेशकों को थोड़ा फायदा जरूर मिला, लेकिन समय बीतने पर कंपनी ने भुगतान से इनकार कर दिया।
Published on:
8 Nov 2018, 12:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.