
मुजफ्फरपुर शेल्टर होम रेप केस: सीबीआई ने डॉक्टर को किया गिरफ्तार, लड़कियों को देता था नशे का इंजेक्शन
नई दिल्ली। बिहार के बहुचर्चित मुजफ्फरपुर शेल्टर होम रेप केस में सीबीआई ने डॉक्टर अश्वनी कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। डॉ. अश्वनी पर आश्रयगृह नाबालिग लड़कियों को ड्रग्स के इंजेक्शन देने का आरोप है। जानकारी के अनुसार अश्वनी के स्थानीय डॉक्टर है, जो यौन शोषण से पहले लड़कियों को नशे में करने के काम को अंजाम देता था। इसके लिए वह लड़कियों को नशे की इंजेक्शन लगाता था। इससे पहले बिहार सरकार में मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से फरार चल रहीं मंजू वर्मा ने मंगलवार को बेगूसराय के मंझौल व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।
अवैध हथियार मामले की आरोपी मंजू को अदालत ने 11 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पिछले कई दिनों से विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पूर्व मंत्री वर्मा सुबह मंझौल, अनुमंडल व्यवहार न्यायालय पहुंचीं, जहां उन्होंने अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। वर्मा के अधिवक्ता सत्यनारायण महतो ने बताया कि आत्मसमर्पण के बाद अदालत ने मंजू वर्मा को 11 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इससे पहले उन्होंने पटना उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे अदालत ने खरिज कर दिया था। पटना में अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) एस़ क़े सिंघल ने कहा किमंजू वर्मा ने पुलिस की दबिश के कारण आत्मसमर्पण किया। हम लगातार उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रहे थे।
बिहार के अलावा हैदराबाद, दिल्ली समेत कई शहरों में छापेमारी की गई थी। उन्होंने कहा कि आरोपी की चल संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई अदालत के आदेश के बाद पूरी कर ली गई थी।
Published on:
20 Nov 2018 08:07 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
