पटना: बिहार के फुलवारी शरीफ में इंसानियत को तार-तार करने वाली खबर सामने आई है। यहां भीड़ ने एक कथित मोबाइल चोर को पकड़ कर उसके साथ ऐसी वहशियाना हरकत कर दी, कि सुनने वालों के होश उड़ जाएं। दरअसल, शनिवार को ईसापुर अधपा मोहल्ले में लोगों ने एक दस वर्षीय बच्चे को मोबाइल चोरी के आरोप में पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने न केवल उसे पेड़ से बांध लाठी-डंडों से पीटा, बल्कि कपड़े उतार कर उसके शरीर पर गर्म चाशनी डाल दी। इतना सब करने के बाद भी जब लोगों का मन नहीं भरा तो उन्होंने उसके उपर चीटिंया छोड़ दीं। यहां चौंकाने वाली बात यह है कि बेचारगी का शिकार बच्चा हैवानों से छोड़ देने की भीख मांगता रहा, लेकिन भीड़ में किसी का दिल उसकी यह हालत देखकर नहीं पसीजा और वो यह नजारा देखकर ताली बजाते रहे।