
बागपत। बड़ौत कोतवाली पुलिस ने गुुुरुवार को पूर्वी यमुना नहर की पटरी से चेकिंग के दौरान सब्जी से भरें केंटर में करीब ढाई कुंतल गांजा पकड़ा है। पकड़े गए गांजे की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस केंटर चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। जबकि गांजा तस्कर भागने में सफल रहा । पुलिस ने गांजा तस्करों के फोन ट्रेस कर लिए हैं। पुलिस का दावा है कि उन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी सब्जी सप्लाई के जद में गांजे की तस्करी कर रहा था।
जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। इसी कड़ी में गुरुवार को पुलिस पूर्वी नहर की पटरी पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस के हाथ गांजे की बड़ी खेप लगी। सब्जी से भरें केंटर में कांशीफल भरा था। इसी के बीच पुलिस ने केंटर की अच्छी तरह से तलाशी ली तो कांशीफल के नीचे करीब ढाई कुंतल गांजा बरामद हुआ। एएसपी के अनुसार बरामद गांजे की कीमत इंटर नेशनल बाजार में करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने केंटर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसका नाम विनोद पुत्र मुन्ना निवसी छत्तीसगढ़ बताया गया है। केंटर चालक ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से गांजा लेकर शामली जनपद में जा रहा था। उसे बताये गए स्थान तक माल पहुंचाने पर उसे 8 हजार रुपये मिलते। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए गांजा लेकर जा रहे केंटर चालक को जेल भेज दिया है।
केंटर के आगे चल रही थी तस्करों की गाड़ी
एएसपी ने बताया कि केंटर के आगे एक गाड़ी में गांजा तस्कर चल रहे थे। वह फोन पर लगातार केंटर चालक से सम्पर्क बनाये हुए थे। तस्करों के दिशा निर्देश पर केंटर चालक उनका अनुशरण करते हुए ही आगे बढ़ रहा था। केंटर के रोकने पर आरोपी कार सवार तस्कर मौके से फरार हो गये, लेकिन पुलिस ने तस्करों के फोन ट्रेस कर लिए हैं और एक तस्कर की पहचान भी कर ली गई है। पुलिस का दावा है कि तस्करों को भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Published on:
17 Jan 2020, 4:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.