
डोंबिवली में 22 वर्षीय युवती से गैंगरेप (Photo: X/@Rajmajiofficial)
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली शहर (Dombivli News) से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां 22 वर्षीय एक युवती के साथ कथित तौर पर तीन लोगों ने सामूहिक बलात्कार किया। शिकायत मिलने ही पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
डोंबिवली के तिलक नगर पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 मार्च की रात की है। पीड़िता आरोपियों को पहले से जानती थी। आरोपियों ने उसे खंबालपाड़ा स्थित एक फ्लैट में पार्टी के बहाने बुलाया था। आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ दिया गया, जिसके बाद तीनों ने मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया।
घटना के बाद किसी तरह हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद मामला सामने आया। पीड़िता इलाके में ही सुरक्षा गार्ड की नौकरी करती है, जबकि तीनों आरोपी ऑटो रिक्शा चालक हैं।
इस मामले में 28 मार्च को प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत विशेष टीम का गठन किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते 29 मार्च को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेतन चौहान (20), हेमंत चौहान (22) और उमेश वर्मा (30) के रूप में हुई है। तीनों डोंबिवली में ही ऑटो रिक्शा चलाते हैं।
तिलक नगर थाने के वरिष्ठ निरीक्षक वी. कुमार कदम ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत सामूहिक बलात्कार और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि महानगरों में भी महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं। परिचित लोगों द्वारा ही इस तरह की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया जाना समाज के लिए और भी चिंता का विषय बन गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
Updated on:
03 Apr 2026 10:04 am
Published on:
03 Apr 2026 09:55 am
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
