
father dies road accident before daughter wedding, प्रतीकात्मक तस्वीर (source-patrika file)
Damoh Father Dies Before Daughter Wedding: मध्यप्रदेश के दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाएं आमजन के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं। ताजा घटना में अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण देने गए एक पिता की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। जिस घर में शादी की खुशियां और चहल पहल थीं वहां अब पिता की मौत से मातम छाया हुआ है और सन्नाटा पसरा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।
45 वर्षीय रामबहादुर गौड़, निवासी ग्राम गाड़ाघाट, थाना पाटन, जिला जबलपुर, की बड़ी बेटी की शादी 27 जून को होनी थी। वो बेटी की शादी का निमंत्रण देने के लिए तेजगढ़ गए थे। रात में घर वापस आते वक्त उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में रामबहादुर की मौके पर ही मौत हो गई। जब पिता की मौत की खबर घर पहुंची तो शादी वाले घर में मातम पसर गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले लगभग छह माह में क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटनाओं में 30 लोगों की असमय मौत हो चुकी है। इन हादसों में महिला, पुरुष और बच्चे सभी शामिल हैं। बीते पांच वर्षों से क्षेत्र में दुर्घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है और शायद ही कोई सप्ताह ऐसा गुजरता हो जब दो-तीन सड़क दुर्घटना सामने न आती हो।
वर्ष 2024 में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन द्वारा कई स्थानों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया था। इन स्थानों का निरीक्षण करने भोपाल से विशेषज्ञों की टीम भी पहुंची थी, लेकिन स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निरीक्षण के बाद अब तक कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। परिणामस्वरूप दुर्घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पाया है। क्षेत्र के प्रमुख ब्लैक स्पॉटों में नरगुंवा टेक, तेंदूखेड़ा से दमोह सीमा जबलपुर तरफ ,पंडा बाबा के समीप का क्षेत्र, तारादेही मार्ग पर धनगौर टेक, झलौन मार्ग पर नागबाबा के पास , बम्हौरी पांजी टेक से झलौन तक का मार्ग शामिल है। विशेष रूप से बम्हौरी पांजी से झलौन मार्ग पर सड़क किनारे स्थित पेड़ों के कारण कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अब तक कोई उल्लेखनीय कदम नहीं उठाया गया है।
Published on:
25 Jun 2026 05:54 pm
बड़ी खबरें
View Allदमोह
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
