
सुबह वाली राजधानी बस बंद (photo source- Patrika)
Transport Problem: सुदूर अंचल भोपालपटनम में इन दिनों यात्री गंभीर परिवहन संकट से जूझ रहे हैं। राजधानी रायपुर तक सीधी पहुंच देने वाली सुबह 5:30 बजे की प्रमुख बस सेवा पिछले 10 से 15 दिनों से बंद पड़ी है, जिससे क्षेत्र के लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो गई है।
जानकारी के मुताबिक कांकेर रोडवेज की यह बस पहले भोपालपटनम से रवाना होकर उसी दिन शाम तक रायपुर पहुंचती थी। लेकिन अब बस को बीजापुर तक ही सीमित कर दिया गया है। रायपुर से आने वाले यात्रियों को भी बीच रास्ते में ही उतार दिया जा रहा है, जिससे उन्हें आगे के सफर के लिए अलग से वाहन की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस का परमिट भोपालपटनम से संचालन का है, लेकिन संचालक द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए इसे बीजापुर में ही रोका जा रहा है। इससे यात्रियों को समय और पैसे दोनों की अतिरिक्त मार झेलनी पड़ रही है।
यह बस सेवा क्षेत्र के लिए जीवनरेखा मानी जाती थी। सुबह के समय राजधानी के लिए यही एकमात्र सीधी सुविधा थी, जिससे मरीज इलाज के लिए, छात्र पढ़ाई के लिए और व्यापारी अपने कामकाज के लिए आसानी से यात्रा कर पाते थे। सेवा बंद होने से अब लोगों को या तो एक दिन पहले निकलना पड़ रहा है या कई बार वाहन बदलकर सफर करना पड़ रहा है।
बुकिंग काउंटर से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 15 दिनों से बस भोपालपटनम नहीं पहुंच रही है। बस संचालकों की ओर से कभी तकनीकी खराबी तो कभी अन्य कारण बताए जा रहे हैं, लेकिन हकीकत में बस को बीजापुर तक ही सीमित कर दिया गया है।
इस पूरे मामले में प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। यात्रियों ने मांग की है कि बस सेवा को तत्काल भोपालपटनम से पुन: शुरू कराया जाए, ताकि उन्हें राजधानी तक सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
Updated on:
06 May 2026 01:50 pm
Published on:
06 May 2026 01:49 pm
बड़ी खबरें
View Allदंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
