
बिहार में पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर-मुगलसराय रेल खंड के आरा जंक्शन पर इंटरमीडियेट की परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने एक ट्रेन पर जमकर पथराव किया। इस घटना में चार यात्री घायल हो गए।
रेल पुलिस सूत्रों के अनुसार बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) की परीक्षा में फेल हुए इंटरमीडियेट के कुछ छात्र आरा स्टेशन पर हंगामा और प्रदर्शन कर रहे थे। छात्रों ने स्टेशन पर महानंदा एक्सप्रेस को रोक रखा था। इसी दौरान राजेन्द्र नगर टर्मिनल से जम्मूतवी जाने वाली अर्चना एक्सप्रेस ट्रेन वहां से गुजर रही थी जिसपर छात्रों ने पत्थर फेंके।
सूत्रों ने बताया कि पथराव में अर्चना एक्सप्रेस ट्रेन के दो शयनयान डिब्बे मामूली रुप से क्षतिग्रस्त हो गए और शीशा टूटने से चार यात्री घायल हो गए।
घायलों में सतनाम सिंह, अभिजीत कुमार, बिन्देश्वरी सिंह और विशाल कुमार शामिल हैं जिन्हे प्राथमिक उपचार के बाद बक्सर भेज दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को खदेड़ कर स्टेशन परिसर से बाहर कर दिया।
Published on:
6 Jun 2017, 11:49 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.