
लवाण में बनेगा 132 केवी जीएसएस- शर्मा
लवाण. दौसा विधायक शंकरलाल शर्मा ने शनिवार को अलग-अलग ग्राम पंचायतों में 2 करोड़ 15 लाख रुपए कि लागत से बनने वाली डामरीकरण सड़कों का शिलान्यास किया।पूरणवास से लवाण तक बनने वाली डामरीकरण के शिलान्यास समरोह में विधायक ने कहा कि लवाण में कुछ दिन बाद 132 केवी बिजली के जीएसएस का शिलान्यास होने वाला है।
जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को बिजली समस्या के लिए जिला मुख्यालय पर नहीं जाना पड़ेगा। विधायक ने कहा कि डामरीकरण सड़कों के बनने से एक गांव दूसरे गांव से जुड़ेंगे। छारेड़ा में भी सरकारी अस्पताल केे लिए जमीन देख ली है। उसका भी शिलान्यास शीघ्र होगा। उन्होंने कहा विकास कार्यों में कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। विकास में कमी नहीं छोड़ी जाएगी। सरपंच भरतलाल मीणा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियन्ता नन्दलाल मीणा, रवि गुप्ता, विनोदसिंह बुन्देला आदि मौजूद थे।
विद्यार्थी परिषद की कार्यकारिणी घोषित
महुवा ग्रामीण. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की इकाई का नगर अभ्यास वर्ग आदर्श विद्या मंदिर में हुआ। इस दौरान प्रांत शैक्षिक प्रकोष्ठ सह प्रमुख मुकेश जोशी, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य हर्ष अवस्थी, जिला सहप्रमुख धर्मेन्द्र मिश्रा व जिला संयोजक मोहित शर्मा ने कार्यकर्ताओं को परिष के इतिहास व कार्यक्रमों की जानकारी दी। महुवा नगर की कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई। गुलशन साहू को नगर मंत्री, कान्हा व रजत सोनी को नगर सहमंत्री, राजवीर गुर्जर को एसएफडी संयोजक, यशकांत व सीताराम को इकाई अध्यक्ष, केशव खोवाल को सोशल मीडिया प्रमुख का दायित्व दिया गया।
अंडरपास का काम चालू
बसवा. कस्बे में रेलवे फाटक पर अंडरपास का काम चालू हो गया। रेलवे स्टेशन के पास फाटक संख्या 151 यार्ड में होने से अधिकांश समय फाटक बंद रहता है। इस कारण फाटक कस्बे के लोगों के लिए नासूर बन गया था कई बार तो मालगाड़ी खड़ी रहने पर फाटक दो दो दिन तक बंद पड़ा रहता है। इससे लोगों को पांच किलोमीटर का चक्कर लगाकर आना पड़ता है। फाटक की समस्या को लेकर करीब तीन वर्ष से संतोष छैला जनसंघर्ष समिति फाटक पर ओवरब्रिज बनवाने की मांग कर रही थी। इसके बाद फाटक संख्या 151 पर अंडरपास बनाने का काम चालू हो गया। डिप्टी चीफ इंजीनियर अशोक धाकड़ ने बताया की फाटक बंद रहने की समस्या के समाधान के लिए करीब दो करोड़ की लागत से पांच मीटर चौड़ा व साढे चार मीटर ऊंचा अडंरपास का निर्माण चालू कर दिया है। अंडरपास बनने के बाद लोगों को आवागमन में कोई परेशानी नहीं होगी।
सामाजिक एकता पर जोर
महुवा. कस्बे के मंडावर रोड स्थित बैरवा छात्रावास में शनिवार को टीम राजस्थान की बैठक संंयोजक धर्मेन्द्रकुमार जाटव की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान दलित आदिवासी एकता को मजबूत करने पर जोर दिया गया। राजनीति को रोजगार व समान शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों से जोड़े जाने की आवश्यकता पर चर्चा की गई। सुरेश मीणा, लक्ष्मीकांत, सुरेंद्र, वीर बहादुर, मोहन सिंह, अनिल धेनवाल, पदम सिंह, नरेन्द्र बैरवा, नगेन्द्र, राकेश आदि थे।
Published on:
30 Sept 2018 01:11 pm
