6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ऑल इंडिया टी-20: नैना एकेडमी ने जीता खिताब

फाइनल में हाड़ोती हंटर्स को 70 रनों से दी मात, भारत ने लगाया शतक

2 min read
Google source verification
ऑल इंडिया टी-20: नैना एकेडमी ने जीता खिताब

लालसोट. फाइनल मैच देखने के लिए उमड़ी भीड़।

दौसा. लालसोट शहर के लाल क्लब स्टेडियम पर खेली जा रही है ऑल इंडिया टी-20 लालसोट स्टील कप प्रतियोगिता का खिताब जयपुर की नैना एकेडमी ने जीत लिया। प्रतियोगिता के फाइनल मैच में नैना एकेडमी ने हाड़ोती हंटर्स को 70 रनों के अंतर से हराया। टॉस जीतने के बाद पहले खेलते हुए नैना एकेडमी ने 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 246 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। नैना एकेडमी की ओर से सलामी बल्लेबाज भारत शर्मा व मानेन्द्र ने जोरदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट की साझेदारी में 50 रन जोड़े। महेंद्र शर्मा की 28 रन के स्कोर पर आउट होने के बाद भारत शर्मा ने मोर्चा संभाला और मैदान पर चौके छक्कों की बारिश करते हुए दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया। भारत ने 56 गेंदों पर आठ चौके और 12 छक्कों की मदद से 122 रनों की शानदार पारी खेली। भारत का प्रतियोगिता में यह दूूसरा शतक था। इसके अलावा अर्णव गौतम ने 24 गेंद 38 रन एवं अजय बेनीवाल कप्तान ने 19 गेंदों पर तीन चौके व तीन छक्के की मदद से 39 रनों की पारी खेली है। हाड़ोती की ओर मोहित सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 6 विकेट झटके। इसके अलावा कृष्ण चौधरी ने दो और चिराग शर्मा ने एक विकेट लिए। जवाब में खेलने उतरी हाड़ोती हंटर्स की टीम शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज रोहित बिस्ट मात्र छह रन बनाकर पैवेलियन लौट गए। इसके बाद तेज खेलने के प्रयास में रणजी खिलाड़ी आफताबुद्दीन व चिराग शर्मा भी आउट हो गए। बाद में राजवीर ने 22 गेंदों पर चार चौके व छह छक्कों की मदद से 53 रन बनाते हुए कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन बढते दबाव के चलते पूरी टीम 17 ओवर में 176 रन पर सिमट गई।


दर्शकों ने जमकर उठाया लुत्फ
फाइनल मैच को देखने के लिए शनिवार को मैदान में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। इस दौरान दर्शकों ने भी खिलाडिय़ों का जम कर हौसला बढाया और चौके-छक्के लगने पर जम कर आतिशबाजी भी की। कई बार तो उत्साही दर्शक मैदान में भी प्रवेश कर गए और अपनी अपनी समर्थकों टीमों के पक्ष में जम की हूटिंग भी की।

स्टेडियम में दर्शकों के लिए छाया का होगा प्रबंध
फाइनल मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री परसादीलाल मीना रहे। उन्होंने विजेता टीम को एक लाख रुपए की नकद राशि उप विजेता टीम को 41 हजार की नकद राशि व चमाचमाती ट्राफी भी प्रदान की। इस मौके पर उद्योग मंत्री ने कहा कि अब यह शानदार स्टेडियम लालसोट की शान बन चुका है, शीघ्र ही स्टेडियम की दर्शक दीर्घा में छाया का प्रबंध विधायक कोष से कर दिया जाएगा और फ्लड लाइट की व्यवस्था नगर पालिका से कराई जाएगी। पुस्कार वितरण कार्यक्रम में मैन आफ दी सीरीज मानेन्द्र सिंह, बेस्ट बल्लेबाज भारत शर्मा, बेस्ट गेंदबाज राजवीर सिंह, बेस्ट फील्डर महेश अधिकारी व ऑनलाइन स्कोरिंग के हिमांशु जोशी व देवेन्द्र साहू और बेस्ट कमेटेंटर के लिए अभिनव त्रिपाठी व राहुल शर्मा समेत प्रतियोगिता में सहयोगकर्ताओं को सम्मानित किया गया। पालिका अध्यक्ष रक्षा मिश्रा, दिनेश मिश्र समेत कई जनों ने संबोधित किया। सुशील जैन, विनीत उपाध्याय, संतोष बुर्जा, सिद्धार्थ शर्मा, दीपक जांगिड व अभिषेक जोशी ने अतिथियों का स्वागत किया।