5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बालाजी के दर्शनों से की नववर्ष की शुरुआत

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Google source verification
mahendipur balaji

बालाजी के दर्शनों से की नववर्ष की शुरुआत

मेहंदीपुर बालाजी. सिद्धपीठ घाटा मेहंदीपुर धाम में देशभर से बड़ी संख्या में आए श्रद्धालुओं ने नए साल के पहले दिन मंगलवार को स्वयंभू बालाजी महाराज, भैरवबाबा, प्रेतराज सरकार, सीताराम दरबार व समाधि वाले बाबा के दर्शन कर वर्ष 2019 के सुखमय व्यतीत होने की मंगल कामना की।


नववर्ष की पूर्व संध्या पर देशभर से हजारों श्रद्धालु मेहंदीपुर पहुंचे। सुबह मंगला आरती में शामिल होकर बालाजी दरबार के दर्शन किए तथा प्रसादी का भोग लगाकर खुशहाली की कामना की। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत किशोरपुरी के सान्निध्य में बालाजी महाराज के बालरूप की छप्पनभोग झांकी सजाई गई। सुबह शुरू हुई दर्शनार्थियों की कतार संध्या आरती के बाद भी बनी रही।

महिला-पुरुष, बुजुर्ग व नवयुवक आदि जयकारे लगाते हुए मंदिर में प्रवेश कर रहे थे। इससे सम्पूर्ण मेहंदीपुर धाम बजरंगीमय हो गया। मंदिर परिसर समेत पूरे बाजार में भारी भीड़ के चलते पैर रखने को जगह तक नहीं मिली। मंदिर के गार्डों ने पुलिस के साथ व्यवस्था संभाली।


हाउसफुल से रहे परेशान


नववर्ष मनाने के लिए देशभर से आए श्रद्धालुओं से पूरे बालाजी कस्बे में हाउसफुल की स्थिति देखने को मिली। सोमवार रात को आने वाले श्रद्धालुओं को धर्मशाला व विश्राम गृहों में किराए पर कमरे नहीं मिले। वहीं पार्किंग फुल होने से सड़क पर वाहनों का जमघट देखने को मिला।

मानपुर पुलिस उपाधीक्षक आरके मीणा के निर्देशन में थाना प्रभारी भगवानसिंह व सिकंदरा थाना प्रभारी कुशालसिंह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ भीड़ नियंत्रण के लिए मशक्कत करते देखे गए। यातायात नियंत्रण के लिए भी पुलिसकर्मियों को जूझना पडा। निजि पार्किंग फुल होने के बाद पुलिस थाने में व मीना सीमला गांव की सड़क पर पार्किंग कराई गई। श्रद्धालुओं ने बाजार में भी जमकर खरीदारी करने से दुकानदारों के चेहरे खिले हुए थे।

नववर्ष का धूमधाम से किया स्वागत


दौसा ग्रामीण. नववर्ष का स्वागत जिलेभर में धूमधाम से किया गया। सोमवार रात 12 बजते ही लोगों ने पटाखे चलाए एवं एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। इस दौरान प्रमुख होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य स्थानों पर नववर्ष सेलीब्रेशन के कार्यक्रम हुए। लोगों ने डीजे की धुनों पर जमकर ठुमके लगाए। इस दौरान आकर्षक लाइटिंग, गुब्बारों से सजावट से माहौल खुशनुमा हो गया। इसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

मंगलवार सुबह से ही लोग दिनभर सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से परिचितों को बधाई देते हुए दिखाई दिए। शहर के प्रमुख मन्दिर नीलकण्ठ महादेव, गुप्तेश्वर, सोमनाथ आदि स्थानों पर भी शहरवासियों ने प्रसाद अर्पण कर नववर्षमंगलमय होने की कामना की। वहीं कईलोगों ने गायों को हरा चारा, गुड खिलाकर एवं बड़े बुजुर्गों से आशीर्वाद लेकर नए साल की शुरुआत की।