
दुल्हन बालिग तो नाबालिग निकला दूल्हा, पुलिस ने रुकवाई शादी
सिकंदरा. पुलिस ने गुरुवार को बाल विवाह की सूचना पर निहालपुरा गांव पहुंचकर जांच की। जहां दस्तावेजों की जांच में लड़की तो बालिग पाई गई, लेकिन बांदीकुई थाना इलाके का लड़का (दूल्हा) नाबालिग निकलने पर शादी रुकवाकर उसके परिजनों को पाबंद किया है। इससे देर शाम तक निहालपुरा में लड़की पक्ष के यहां बारात नहीं पहुंची। पुलिस ने बताया कि कन्ट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि महुखेड़ा निवासी एक लड़के की शादी सिकंदरा थाना इलाके निहालपुरा के बसीदारियान ढाणी निवासी एक लड़की के साथ हो रही है। शिकायतकर्ता ने बताया कि लड़का नाबालिग है। सिकंदरा थाना पुलिस ने निहालपुरा गांव पहुंचकर लड़की के दस्तावेजों की जांच की। शादी समारोह में पुलिस के पहुंचते ही लोगों में चर्चा का विषय हो गया। दस्तावेजों की जांच में लड़की बालिग पाई गई। ड्यूटी ऑफिसर रघुवीरसिंह ने बताया कि दस्तावेजों की जांच में लड़की बालिग है। लड़का पक्ष के दस्तावेजों की जांच बांदीकुई थाना पुलिस कर रही है। इधर, बांदीकुई थाने के उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह ने बताया कि दस्तावेजों की जांच में महुखेड़ा निवासी दूल्हा की उम्र 19 साल पाई गई है। लड़का नाबालिग होने के कारण परिजनों को शादी नहीं करने के लिए पाबंद किया है। इससे देर तक बारात निहालपुरा नहीं पहुंची। देर शाम तक लड़की पक्ष बारात का इंतजार करता रहा। पुलिस ने पांबद कर शादी रुकवा दी है।
खाते से आठ हजार रुपए किए पार
लालसोट. जीतपुर गांव निवासी एक जने से फोन पर ओटीपी नंबर पूछकर बैंक खाते से आठ हजार पांच रुपए पार करने का मामला प्रकाश में आया है। मामले को लेकर गुरुवार को लालसोट पुलिस थाने में पीडि़त प्रहलाद मीना ने परिवाद दर्ज कराया है कि 20 फरवरी को उसके फोन पर डॉ. दीपक शर्मा नामक एक जने ने फोन किया था।इसमें उसके परिवार में दो माह पूर्व हुई डिलेवरी के पांच हजार रुपए उसके बैंक खाते में जमा कराने के लिए बैंक खाते व एटीएम की फोटो कॉपी व्हाट्सएप पर प्रति भेजने व उसके बाद फोन आए मैसेज से ओटीपी नंबर बताने को कहा। ओटीपी नंबर बताने के पर कुछ ही देर बाद खाते में राशि जमा होन के बजाय एचडीएफसी बैंक के खाते से आठ हजार पांच सौ रुपए निकलने का मैसेज आया।(नि.प्र.)
27 सौ रुपए की नकदी जब्त
मेहंदीपुर बालाजी. पुलिस ने चांदेरा गांव में कार्रवाई करते छह लोगों को ताश पत्ती से जुआ खेलते गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी सीमा सिनसिनवार ने बताया कि जुआ खेलते हरकेश, शिवदयाल, जगमोहन, मीठालाल, धर्मसिंह व समयसिंह को गिरफ्तार कर 27 सौ रुपए नकद जब्त किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि आगामी दिनों भी कार्रवाई जारी रहेगी।
Published on:
21 Feb 2019 08:32 pm
