
नलकूपों का निर्माण शुरू नहीं तो आन्दोलन
बांदीकुई. शहर के भाण्डेड़ा रोड गणेश मंदिर में आमजन की बैठक हुई। इसमें शहर में व्याप्त पानी की समस्या का समाधान कराए जाने के लिए आन्दोलन किए जाने की रणनीति तैयार की गई और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया गया। समाज कल्याण बोर्ड सदस्य सुनीता सैनी ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को 8 से 10 दिन में एक बार बदबूदार एवं फ्लोराइडयुक्त पानी मिल रहा है। राÓय सरकार की ओर से बाणगंगा नदी में 10 नलकूप स्वीकृत किए गए थे।
इसके लिए टेण्डर कर जलदाय विभाग ने संवेदक को कार्य आदेश भी जारी कर दिए, लेकिन कुछ लोग योजना को विफल करने में लगे हुए हैं। ऐसे में लोगों को पानी की समस्या को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
रवि पालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाए। इसके बाद भी यदि प्रशासन नहीं जागता है तो जुलूस निकालकर धरना प्रदर्शन किया जाए। राकेश विजयवर्गीय ने कहा कि जलदाय विभाग एवं प्रशासन कार्रवाई के नाम पर आंखें मूंदकर बैठा है। महेश शर्मा ने कहा कि पानी के अभाव में लोग पलायन के लिए मजबूर हो रहे हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव लिया गया कि 5 जुलाई को शहर के लोग जलदाय विभाग कार्यालय परिसर में एकत्र होंगे। जहां से जुलूस के रूप में उपखण्ड अधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे। इसके लिए समिति का गठन किया गया। इसमें संयोजक सुनीता सैनी एवं सह संयोजक लल्लूराम सारसर, नीरज रावत व रुकमणी देवी को बनाया गया।
बैठक को भाजपा पूर्व नगर अध्यक्ष रामदयाल गौतम, सोहनसिंह करीरिया, अरूण वर्मा, नीरज रावत, श्यामसुंदर टॉक, लल्लूराम सारसर, अंकित सैन, मुकेश जैमन अरनिया, नरेश सैनी, विवेक दीक्षित, शशिकांत शास्त्री, दिलीपसिंह, प्रेमचंद बैरवा, अजय धवन, दिनेश सैनी, विमल शर्मा, जितेन्द्र टॉक, रामेश्वरप्रसाद कटारिया, अनिल कुमार, राधा देवी, रुकमणी सैनी एवं ललित कंवर ने भी विचार व्यक्त किए।
अण्डरपास के गेट किए बंद
बसवा. कस्बे में फाटक संख्या 152 पर बने अण्डरपास के दोनों गेट बंद कर सूचना बोर्ड लगा दिया है। उल्लेखनीय है अण्डरपास में खोदे गए गड्ढे का सूचना बोर्ड लगा नहीं होने पर रायपुरा निवासी राकेश शर्मा शुक्रवार रात मोटर साइकिल सहित गिर गया था। इसको लेकर एक जुलाई को राजस्थान पत्रिका के अंक में 'अण्डरपास के गड्ढे में गिरी मोटर साइकिल समाचार प्रकाशित होने पर हरकत में आए संवेदक ने तुरन्त अण्डरपास के दोनों गेट पर पत्थर लगा कर रास्ता बंद कर दिया और कार्य चलने का सूचना बोर्ड लगा दिया।
Published on:
02 Jul 2018 04:04 pm
