
फायर कर लुटेरों ने 40 हजार लूटे, मोबाइल भी छीन लिए
दौसा. सदर थाना इलाके के खैरवाल गांव की सीमा में बुधवार रात करीब 11 बजे कार से जयपुर से दौसा आ रहे चार दोस्तों से पांच-छह लुटेरे फायरकर करीब 40 हजार रुपए व मोबाइल लूट कर फरार हो गए। सदर थाना प्रभारी रामसिंह यादव ने बताया कि बांदीकुई थाना इलाके के मीणा भैदाड़ी निवासी रमेश पुत्र रामजीलाल मीना ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने दोस्त कुंजीलाल पाटन, मुकेश व कन्हैयालाल आलूदा के साथ जयपुर से दौसा आ रहा था।
राजाधोंक टोल प्लाजा से निकल कर बांसखोह फाटक के समीप आए थे कि पीछे एक कार ने उनकी कार को टक्कर मारी। इस दौरान लुटेरों ने उनको बंदूक दिखा कर धमकाया, लेकिन वे रुके नहीं। लुटेरे उनका पीछा करते रहे। रात करीब 11 बजे खैरवाल मोड़ पर आए तो भी लुटेरों की कार उनके ही पीछे थी। इस पर वे खैरवाल गांव की ओर चल दिए तो लुटेरों की कार भी उनकी कार के ही पीछे चल दी। आगे जाकर वे रास्ता भटक गए और रुक गए।
वहीं पीछे आ रही कार से पांच -छह जने उतरे और उन्होंने बंदूक दिखा कर उनकी जेब में रखे करीब 40 हजार रुपए निकाल लिए। उनके मोबाइल भी छीन लिए। इसके बाद वे फायरिंग करते हुए फरार हो गए। लुटेरों की कार पर जगदीश मीना बसवा भी लिखा हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की नहीं हुई शिनाख्त
महुवा. राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पाडली मोड़ के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से एक जने की मौत होने के बाद गुरुवार को भी मृतक की शिनाख्त नहीं होने के कारण शव मोर्चरी में रखा रहा। उप निरीक्षक महावीर ने बताया कि पाड़ली मोड़ के समीप बुधवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से एक जने की मौत हो गई थी। मृतक की शिनाख्त नहीं होने पर शव को सामुदायिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया था। जिसकी गुरुवार को भी शिनाख्त नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच व रंग गेहुआ है। उसने नीले रंग का ट्रैक सूट पहना हुआ है।
Published on:
04 Jan 2019 08:38 am
