
चालीस हजार मीटर खराब, बदलने में आनाकानी
दौसा. विद्युत निगम सर्किल दौसा में घरेलू, कृषि व व्यावसायिक बिजली उपभाक्ताओंं के खराब व जले हुए मीटर बदलने में डिस्कॉम ढिलाई बरत रहा है। दौसा जिले में करीब 40 हजार 609 मीटर आंशिक या पूरे खराब हैं। उपभोक्ताओं को डिस्कॉम कार्यालयों में चक्कर काटने के बाद भी उनके मीटरों को आसानी से नहीं बदला जा रहा है। यही कारण है कि जिले में खराब मीटर का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है।
औसत बिल भेज रहे हैं
जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शनों के मीटर खराब हैं, उनको नहीं बदलने पर औसत बिल जारी कर दिए जाते हैं। औसत बिल भी पिछले कई महीनों में जिस बिल की राशि अधिक रहती है, उतना बिल जब तक मीटर खराब रहता है तब तक जारी रहता है।नया मीटर नहीं लगने तक उपभोक्ताओं को नुकसान रहता है।
बांदीकुई में सर्वाधिक मीटर खराब
जिले में सिंगल फेज बिजली कनेक्शनों के 21 हजार 205 मीटर खराब हैं, जबकि थ्री फेज कृषि कनेक्शनों के 18 हजार 73 मीटर खराब व जले हुए है। वहीं थ्री फेज के ही 1331 मीटर कृषि कनेक्शनों के अलावा व्यावसायिक एवं अन्य खराब हैं। यदि सब स्टेशनवार देखा जाए तो सिंगल फेज कनेक्शनों में दौसा में 3 हजार 12 मीटर खराब है।
लालसोट में शहर व ग्रामीण में 2 हजार 733 , बांदीकुई में 6 हजार 714 व महुवा डिविजन में 8 हजार 746 मीटर खराब हैं। इसी प्रकार थ्री फेज में दौसा में 1394, लालसोट में 7050, बांदीकुई में 7721 व महवा में 1908 मीटर खराब हैं।
यदि बात थ्री फेज में ही बिना कृषि कनेक्शनों की जाए तो इनमें भी दौसा में 186, लालसोट 254, बांदीकुई में 524 व महुवा में 367 कनेक्शनों के मीटर खराब हैं। यदि तीनों श्रेणियों के खराब मीटरों की गणना की जाए तो दौसा में 4592, लालसोट 10037, बांदीकुई 14959 व महुवा 11021 मीटर खराब हैं।
इन मीटरों को हो गया लम्बा समय: जिले में यदि एक वर्ष पुराने मीटरों की स्थिति देखी जाए तो जिलेभर में एक वर्ष से पहले के करीब 18 हजार 691 मीटर खराब हैं। वहीं 6 से 12 महीने के बीच के भी 14 हजार 925 मीटर खराब हैं।
यह भी बड़ी है समस्या
जिन उपभोक्ताओं के मीटर खराब हो जाते है यदि शीघ्र ही वे लगवा भी लेते हैं तो भी बिजली का बिल आना शुरू नहीं होता है। इसका मुख्य कारण यह है कि संवेदक के मीटर तो लगा दिए जाते हैं, लेकिन जब तक सहायक अभियंता कार्यालय में मीटर के कागज ही रिकॉर्ड में नहीं चढ़ाए जाते हैं ऐसे में उनके यहां बिजली बिल जारी नहीं हो पाता है।
फैक्ट फाइल
खण्ड खराब मीटर
दौसा 4592
लालसोट 10037
बांदीकुई 14959
महुवा 11021
किस-किस श्रेणी में कितने मीटर खराब
सिंगल फेज 21205
थ्री फेज 18073
थ्री फेज(बिना कृषि) 1908
समय-समय पर बदले जाते हैं
बिजली के मीटर खराब व जलने की सतत प्रक्रिया है। साथ ही साथ बदल दिए जाते हैं, फिर भी जले व खराब मीटरों को शीघ्रता से बदला जाएगा।
के.आर. मीना, सहायक अभियंता
Published on:
21 Oct 2018 08:32 am
