6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सपने का शिलान्यास: मेडिकल कॉलेज की प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअल कार्यक्रम में रखी आधारशिला

जिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री सहित जिले के नेता

3 min read
Google source verification

दौसा

image

Mahesh Jain

Sep 30, 2021

सपने का शिलान्यास: मेडिकल कॉलेज की प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअल कार्यक्रम में रखी आधारशिला

सपने का शिलान्यास: मेडिकल कॉलेज की प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअल कार्यक्रम में रखी आधारशिला

दौसा. जिले में मेडिकल कॉलेज खुलने का लोगों का सालों से संजोया सपना अब साकार होने जा रहा है। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअली आयोजित कार्यक्रम में बटन दबाकर जिला मुख्यालय के समीप मित्रपुरा में बनने वाले मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रख दी। वहीं दौसा जिला अस्पताल में आयोजित समारोह में केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री सहित जिले के नेता इस यादगार पल के साक्षी बने।


इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उद्बोधन में कहा कि राजस्थान में बनने वाली इन मेडिकल कॉलेजों का निर्माण एक साथ पूरा होगा। पिछले छह वर्ष में 170 मेडिकल कॉलेज खुल चुके हैं। मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश की सीटों में भी दो गुना वृद्धि की है। इनके अलावा उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए कई मुद्दों पर बात की।


लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि राजस्थान में खुलने वाले मेडिकल कॉलेजों से जिला अस्पतालों को काफी सहायता मिलेगी। राजस्थान में पेट्रोलियम एवं प्लास्टिक क्षेत्र में नए आयामों की भी बात की। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 1947 में जयपुर में एसएमएस पहला मेडिकल कॉलेज खुला था। शिक्षा व स्वास्थ्य आज के समय में बहुत ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि कोरोना के समय आई ऑक्सीजन की कमी अब कभी नहीं रहेगी। प्रदेश में ऑक्सीजन के 120 प्लांट तैयार कर लिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि दौसा जिले के लिए करीब दो वर्ष पहले मेडिकल कॉलेज खुलने की घोषणा हुई थी। भाण्डारेज मोड़ के समीप करीब 56 बीघा भूमि में मेडिकल कॉलेज का निर्माण प्रस्तावित है।

चर्चा में रहा किस्सा कुर्सी का...
कार्यक्रम शुरू होने से पहले मंच पर केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री भारती प्रवीण पंवार की कुर्सी के दायीं ओर क्रमश: डॉ. किरोड़ीलाल मीना, रामकुमार वर्मा, जसकौर मीना की नेमप्लेट लगी हुई थी। अर्थात मंत्री के ठीक बगल में किरोड़ी को बैठना था। कार्यक्रम शुरू होने से पहले भाजपा के कुछ स्थानीय नेता चिकित्सा अधिकारियों से कहते रहे कि मंत्री के बगल में जसकौर मीना की कुर्सी लगाई जाए, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। मंच पर अतिथि गए तो जसकौर मीना ने खुद ही डॉ. किरोड़ी की नेमप्लेट अपनी जगह रखकर खुद की नेमप्लेट मंत्री के बगल में रखकर बैठ गईं। जब तक डॉ. किरोड़ी समारोह में पहुंचे नहीं थे।


यह नजारा खासा चर्चा का विषय बन गया। वहीं अब किरोड़ी की नई जगह पर भाजपा नेता डॉ. अलका सिंह बैठ गई, जबकि मंच पर उनकी नेमप्लेट नहीं लगी हुई थी। ऐसे में मंच पर आगे की पंक्ति की सभी कुर्सी भर गई। कुछ देर में जब किरोड़ी पहुंच गए तो मंच पर खाली कुर्सी नहीं देख अधिकारियों के चेहरे पर चिंता की लकीरें आ गई। किरोड़ी मंच पर चढ़े तो भाजपा नेता टस से मस नहीं हुए, लेकिन कांग्रेस के नेता ममता भूपेश, मुरारी मीना व जीआर खटाणा ने उन्हें अपनी कुर्सी ऑफर कर दी। इस पर मुरारीलाल की कुर्सी पर किरोड़ी बैठे और विधायक के लिए तत्काल दूसरी कुर्सी मंगवाई गई।


वर्चुअल कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू हुआ। जिला अस्पताल में लाइव स्क्रीन लगाकर आयोजित किए कार्यक्रम में केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री भारती प्रवीण पंवार, प्रदेश के उद्योग मंत्री परसादीलाल मीना, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री ममता भूपेश, सांसद जसकौर मीना, राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीना व रामकुमार वर्मा, जिला कलक्टर पीयुष समारिया, दौसा विधायक मुरारीलाल मीना, बांदीकुई विधायक जीआर खटाणा, डॉ. अलकासिंह आदि मंच पर अतिथि के रूप में मौजूद रहे।


एक पांडाल में भाजपा-कांग्रेस

जिला अस्पताल में मेडिकल कॉलेज के वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम में जिले के भाजपा व कांग्रेस के नेताओं के अलावा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के भाषण पर कांग्रेसी ताली बजाते दिखे तो पीएम मोदी के संबोधन के दौरान भाजपाइयों ने ताली बजाकर उत्साह दिखाया। खास बात यह है कि प्रशासन ने भी मंच पर इस तरह का इंतजाम किया था कि मुख्य अतिथि के एक ओर कांग्रेस के नेता और दूसरी ओर भाजपा के नेता बैठ सकें।