
मामले की जानकारी लेती पुलिस। फोटो- पत्रिका
बांदीकुई/बैजूपाड़ा (दौसा)। क्षेत्र के बैजूपाड़ा थानांतर्गत लोटवाड़ा के बड़ा बास में पुरानी रंजिश के चलते करीब दर्जनभर लोगों ने वाहन चोरी के आरोपी हिस्ट्रीशीटर कुंजीलाल मीणा निवासी मुंडफोडी की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि उसके साथी को घायल कर दिया। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार कुंजीलाल मीणा निवासी मुंडफोडी व मोनू कार में सवार होकर बड़ाबास होते हुए जा रहे थे। कुछ लोगों ने पीछा करते हुए आगे-पीछे कार लगा दी। दोनों को जबरन कार से उतारकर अपनी कार में पटक लिया। इसके बाद दोनों को रूपवास-रलावता के जंगल में ले गए, जहां कुंजीलाल के कपड़े उतारकर लाठी-डंडों एवं हथियारों से मारपीट की, जिससे कुंजीलाल के शरीर में कई गंभीर चोटें आईं।
उसे उपचार के लिए बांदीकुई चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि मोनू के भी गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित के भाई सुरेश मीणा ने बताया कि आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर डराया एवं धमकाया। मृतक कुंजीलाल के चार छोटे बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक 6 माह का मासूम बेटा शामिल है। ऐसे में बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
उधर सूचना पर मंडावर उपखण्ड अधिकारी अमित कुमार वर्मा, महुवा पुलिस वृत्ताधिकारी मनोहर लाल, बैजूपाड़ा थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद शर्मा, बालाहेड़ी, मानपुर एवं सिकंदरा की पुलिस भी मौके पर पहुंची। जहां एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर 50 लाख का मुआवजा, मृतक की पत्नी को संविदा पर नौकरी, अपराधियों को कठोर सजा दिलाने एवं क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने की मांग रखी गई।
घायल मोनू मीणा ने बताया कि दोनों को आरोपी अलग-अलग दिशा में ले गए, जहां लाठी-डंडों से मारपीट की। उनके हाथ और सिर पर चोटें आई हैं। वह आरोपियों को पहचानता है। घायल ने पुलिस को आरोपियों के नाम भी बताए हैं। सभी आरोपी रलावता और लोटवाड़ा गांव के निवासी हैं। घायल ने बांदीकुई वृताधिकारी रोहिताश देवंदा को चिकित्सालय में घटना के बारे में बताया।
क्षेत्र में हत्या की खबर फैलते ही सुबह चिकित्सालय में परिजनों की भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने पुलिस के समक्ष विरोध जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना के खुलासे की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने काफी समझाइश की, लेकिन परिजन अड़े रहे।
बाद में शव को पांच घंटे बाद परिजन चिकित्सालय छोड़कर अपने गांव चले गए, जिससे पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। जहां नौरंगवाड़ा चौराहे पर ग्रामीण जाम लगाकर धरने पर बैठ गए। जाम के चलते वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में प्रशासन की समझाइश पर एवं मांगों का ज्ञापन सौंप कुछ लोग पोस्टमार्टम के लिए राजी हो गए और धरना खत्म कर बांदीकुई के लिए रवाना हो गए।
जिसकी हत्या हुई है, उसके खिलाफ वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वह हिस्ट्रीशीटर था। इस मामले में पुलिस ने तीन जनों को गिरफ्तार कर लिया है। सात को हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है। जिसने भी अपराध किया है, किसी को नहीं छोड़ा जाएगा।
Published on:
21 Feb 2026 08:02 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
