
जन एजेंडा 2018-23: जनता की प्राथमिताओं पर बेबाक रखी बात
दौसा. राजस्थान पत्रिका के जनएजेंडा 2018-23 के तहत रविवार को जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में चेंजमेकर, वालंटियर्स और प्रबुद्धजनों की बैठक आयोजित हुई। इसमें विधानसभा क्षेत्र की प्राथमिकताओं व मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कर जनता का एजेंडा तैयार किया गया। हर आयु वर्ग व अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने एक मंच पर आकर जनता की प्राथमिकता बताई। लोगों ने पीड़ा जाहिर करते हुए राजनेताओं व राजनीतिक दलों को भी आड़े हाथ लिया। मूलभूत समस्याओं को भी नहीं सुलझा पाने पर चिंता जाहिर की।
जिला मुख्यालय पर दौसा विधानसभा क्षेत्र की जन एजेंडा बैठक होटल जायका में हुई। इसमें व्यापारी, नौकरीपेशा, युवा, बुजुर्ग सहित हर वर्ग के लोग शामिल हुए। इस मौके पर योग शिक्षक व समाजसेवी शिवरतन नायला ने कहा कि भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना बहुत जरूरी है। साल दर साल यह बढ़ता जा रहा है। विनोद गौड़ ने कहा कि समस्याओं में सुधार के साथ मॉनिटरिंग भी अच्छी की जानी चाहिए। मिल-जुलकर प्राथमिकताओं को तय कर विकास किया जाना चाहिए। अभय सक्सेना ने कहा कि बेरोजगारी की समस्या दूर करने के लिए संसाधन बढ़ाने की जरूरत है। उद्योग-धंधे विकसित किए जाएं।
हितेश शाहरा ने कहा कि विकास की राजनीति होनी चाहिए। सकारात्मक सोच रखकर मिल-जुलकर कार्य करें। घनश्याम रावत ने कहा कि पानी की समस्या में और सुधार की जरूरत है। सुरक्षा व्यवस्था भी ठीक होनी चाहिए। दिलीप गुप्ता ने कहा कि लोगों को स्वच्छ राजनीति में अधिक से अधिक भागीदारी निभानी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने की जरूरत है। हरिनारायण शर्मा ने कहा कि व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सरकार व्यापारियों के हितों की अनदेखी कर रही है, इससे व्यापारी डरा हुआ है।
शिवशंकर सोनी ने कहा कि सभी के सहयोग व जागरूकता से ही बदलाव लाया जा सकता है। प्रीतिपाल सिंह व पवन शर्मा ने कहा कि सरकार को खेलों में सुधार की तरफ भी ध्यान देने की जरूरत है। राजीव रावत व मोहनलाल शर्मा ने मास्टर प्लान के अनुसार शहर के विकास की आवश्यकता पर बल दिया।
गजेन्द्र झाला, रामअवतार शर्मा ने युवाओं के मुद्दों पर ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान सत्यनारायण गुप्ता, मनीष खण्डेलवाल, साहिल शर्मा, पंकज महेश्वरा, महेश साकुनिया, कालूराम मीना, आशीष सोनी, राजेन्द्र सिंह, मनोहर शर्मा, हरीशकुमार शर्मा, नीरज कुमार मिश्रा, योगेन्द्र गौतम, राजेश शर्मा, रामावतार शर्मा, पंकज शर्मा, बल्लू खेड़ली सहित अन्य ने भी विचार व्यक्त किए।
आज यहां होंगी बैठक
दौसा विधानसभा क्षेत्र के नांगल राजावतान कस्बे में राजकीय उमावि के समीप, बांदीकुई में चेतना पब्लिक स्कूल, महुवा में होटल अवध पैलेस, सिकराय के मानपुर कस्बा तथा लालसोटमें कृषि विभाग कार्यालय में बैठक होगी।
Updated on:
17 Sept 2018 08:16 am
Published on:
17 Sept 2018 08:16 am
