
परिवार को बंधक बनाकर लाखों की चोरी
मेहंदीपुर बालाजी.
पुलिस चौकी क्षेत्र के मेहंदीपुर गांव में रविवार रात अज्ञात बदमाशों द्वारा परिवार को बंधक बनाकर जेवरात व नकदी चोरी का मामला सामने आया है। पीडि़त द्वारा टोडाभीम थाने में मामला दर्ज कराने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। बालाजी चौकी प्रभारी दिनेशचंद ने बताया कि मेहंदीपुर निवासी खिलाड़ी बैरवा ने मामला दर्ज कराया है कि रविवार रात को करीब आधा दर्जन नकाबपोश बदमाश मुख्य गेट खोलकर मकान के अंदर प्रवेश कर गए तथा कमरों में चोरी करने लगे तो परिवार के लोग जाग गए।इस पर बदमाशों ने चाकू दिखा परिवार को बंधक बना लिया। बाद में 90 हजार की नकदी, सोने की चेन, कनकती, अंगूठी समेत लाखों रुपए का जेवरात चुराकर फरार हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
दस जुआरी गिरफ्तार
लालसोट. क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बढ़ती चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस द्वारा समाजकंटक व संदिग्ध लोगों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत लालसोट पुलिस ने दस जुआरियों को गिरफ्तार कर हजारों रुपए की नकदी भी जब्त की है। थाना प्रभारी राजेन्द्र मीना ने बताया कि क्षेत्र में अपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए गए अभियान के तहत गठित छह टीमों ने राजौली गांव से कमल नायक को सट्टा पर्ची व एक हजार दौ सौ रुपए, बस स्टैण्ड से राजेश नायक को सट्टा पर्ची व एक हजार छह सौ रुपए, टांके के पास कमलेश व कालूराम मीना को सट्टा पर्ची व दो हजार एक सौ चालीस रुपए, देवली गांंव से रामकरण व पप्पूलाल मीना को ताश पत्ती व पांच सौ चालीस रुपए, रामखिलाड़ी व लल्लूप्रसाद से ताश पत्ती व छह सौ बीस रुपए एवं लाखनपुरा गांव से हुकमचंद व कमलेश मीना को ताश पत्ती व आठ सौ रुपए से जब्त कर गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी की बढ़ती घटनाओं के बाद पुलिस द्वारा शुरू किया डोर टू डोर सर्वे अभियान सोमवार को भी जारी रहा। पुलिस कर्मियों ने वार्ड 5 व 6 केे विभिन्न इलाकों में जाकर किराएदारों के पहचान दस्तावेज जुटाए। इस दौरान सभी जगह लोगों को नियमित गश्त का भरोसा देते हुए कहा कि वे भी संदिग्ध रूप से घूमने वाले लोगों के बारे में तत्काल पुलिस को जानकारी दें।(नि.प्र)
टॉवर से बैटरी सैल चोरी
गुढ़लिया-अरनिया. कोलवा थानान्तर्गत ग्राम पंचायत देलाड़ी में स्थित बीएसएनएल टॉवर में लगे 40 बैटरी सैल रविवार रात को अज्ञात लोग चुरा ले गए। घटना का पता सोमवार सुबह जेटीओ को लगा। इस सम्बंध में जेअीओ रामराज मीणा ने कोलवा थाने में मामला दर्ज कराया कि कुछ ही दिन पहले टॉवर को चालू किया गया है, लेकिन करीब 70 हजार रुपए की लागत के बैटरी सैल को चोर पार कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Published on:
21 Jan 2019 07:37 pm
