
नांगल राजावतान के टीटोली गांव में टोल प्लाजा पर लगी वाहनों की कतार।
नांगल राजावतान. दौसा जिला मुख्यालय आना-जाना अब वाहन चालकों के लिए और महंगा हो गया है। दौसा शहर पहले ही जयपुर व सिकंदरा की ओर से टोल से घिरा था, अब मुख्यालय से जुड़े तीसरे प्रमुख मार्ग लालसोट रोड पर भी वाहन चालकों को टोल टैक्स देकर सफर करना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि लालसोट, सिकंदरा, महुवा, बांदीकुई, नांगल राजावतान आदि जगह के लोगों का दौसा आना-जाना लगा रहता है। जयपुर की ओर जाने पर राजाधोंक, सिकंदरा की ओर जाने पर गिरधरपुरा पहले से ही टोल टैक्स लगता आ रहा है। अब नांगल व लालसोट जाना भी महंगा हो गया है। दौसा से बांदीकुईज जाने के लिए तो दो जगह टोल की मार वाहन चालक पर पड़ती है।
शनिवार को दौसा-कोथून नेशनल हाइवे 11 ए पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण दौसा द्वारा गांव टीटोली व टोंक जिले के रबावता गांव में बने टोल प्लाजा पर शनिवार सुबह 8 बजे फीता काटकर टोल वसूली चालू कर दी गई। टोल चालू होने के बाद एनएचआई के परियोजना निदेशक वाईबी सिंह ने टोल प्लाजा का निरीक्षण कर सम्बंधित कम्पनी के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
टीटोली में टोल पर 12 लेन व रबावता में बने टोल पर 8 लेन से वाहनों से टोल वसूली की जा रही है। टीटोली गांव के टोल प्लाजा का उद्घाटन नायब तहसीलदार लोकेश मीना, एएसआई हुकमसिंह, एनएचआई के तकनीकी मैनेजर इन्द्रपालसिंह ने फीता काटकर किया।
इसी प्रकार रबावता टोल प्लाजा का सरपंच रामप्रसाद, टोल मैनेजर मुकेश चौहान, प्रदीप हुदा, वरीेन्द्र ने उद्घाटन किया। टोल शुरू होते ही नकद भुगतान वाली केबिन पर वाहनों की लम्बी कतार लग गई। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण दौसा के परियोजना निदेशक वाईबी सिंह ने टोल वसूलने वाली कम्पनी विनोदकुमार मलिक सहित अन्य वाहनों की सुविधा को ध्यान में रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर कम्पनी के निदेशक विनोदकुमार मलिक, श्रीपालसिंह, पीएनसी के प्रोजेक्ट मैनेजर कौशलेन्द्र प्रतापसिंह भदोरिया आदि मौजूद थे।
फास्टैग होता तो नहीं करना पड़ता इंतजार
गांव टीटोली में टोल शुरू होने के बाद आने व जाने वास्ते नकद भुगतान के लिए एक-एक केबिन होने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। वाहनों के फास्टैग नहीं होने से यात्रियों को लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ा।
बनने लगे पास : टोल वसूलने वाली कम्पनी के निदेशक विनोद कुमार मलिक ने बताया कि टोल पर स्थानीय निजी वाहनों के 265 रुपए का मासिक पास फास्टैग लगाकर बनाया जाएगा। इसके साथ ही बिना फास्टैग लगे व्यावसायिक वाहनों का भी 50 प्रतिशत छूट या निर्धारित दर के हिसाब से मासिक पास बनाया जाएगा। पास बनाते समय टोल पर वाहनों के फास्टैग लगाने की सुविधा चालकों को दी जाएगी। इससे चालकों को नगद भुगतान वाली कतार में नहीं लगना पड़ेगा।
कार के 65, मिनी बस के 105 रुपए
टीटोली में बने टोल पर कार, जीप व वैन का 65 रुपए प्रति चक्कर, एलसीवी, एलजीवी, मिनी बस का 105 रुपए, ट्रक, बस टू एक्सल का 215 रुपए, थ्री एक्सल व्यावसायिक वाहन का 235 रुपए, एचसीएम, इएमइ, एमएवी 4 से 6 एक्सल का 340 रुपए व ओवर साइज 7 या 7 से अधिक एक्सल वाहन का 410 रुपए टोल वसूला जाएगा। स्थानीय सहित जिले के व्यावसायिक वाहनों का नेशनल परमिट नहीं होने पर 50 प्रतिशत रियायत दी जाएगी। वहीं 24 घंटे में वाहन वापस लौटने पर दो गुना की बजाय डेढ़ गुना ही टोल लिया जाएगा।
Published on:
16 Feb 2020 07:33 am
