5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पटवारी व गिरदावरों का जारी रहा विरोध-प्रदर्शन

जिला कलक्टर व तहसीलदार का तबादला नहीं हो जाता, तब तक वे आंदोलन खत्म नहीं करेंगे।
2 min read
Google source verification
dausa news

पटवारी व गिरदावरों का जारी रहा विरोध-प्रदर्शन

दौसा. जिला कलक्टर एवं तहसीलदार के विरोध में सामूहिक अवकाश लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे पटवारी व गिरदावरों ने कहा कि वे समझौते के नाम पर जिला स्तर के किसी भी अधिकारी से बात नहीं करना चाहते हैं। यदि समझौते पर बात होगी तो राज्य स्तर के किसी बड़े अधिकारी से होगी। पटवार संघ व गिरदावर संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें मानी नहीं जाएगी एवं जिला कलक्टर व तहसीलदार का यहां से तबादला नहीं हो जाता, तब तक वे आंदोलन खत्म नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पटवारी व गिरदावरों से दबाव में काम कराया जाता है। हीरादेवी भूमि प्रकरण मामले में फंसाए पटवारी व गिरदावरों को दोष मुक्त कराने सहित कई मांगें हैं।


धरनास्थल पर कानूनगो संघ के जिलाध्यक्ष कैलाश जोशी, पटवार संघ दौसा अध्यक्ष रामकिशोर गुप्ता, नवल किशोर शर्मा, लवाण अध्यक्ष राकेश शर्मा, मोहनलाल शर्मा, महुवा अध्यक्ष प्रकाशचन्द मीना, महुवा कानूनगो अध्यक्ष हेमेन्द्र शर्मा, लालसोट से कैलाश त्रिवेदी, कन्हैयालाल सैनी, गिर्राज प्रसाद शर्मा, अमरसिंह मीना, सतीश जाटव, विनोद गुप्ता समेत दर्जनों पटवारी व गिरदावर मौजूद थे।


बात करने का आया था प्रस्ताव


पटवार संघ जिलाध्यक्ष विजय सिंह जाटव ने बताया कि उनके पास उपखण्ड अधिकारी का मैसेज आया था कि इस मसले पर अतिरिक्त जिला कलक्टर बात करना चाहते हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि जब जिला कलक्टर के खिलाफ ही उन्होंने मोर्चा खोल रखा है तो उनसे नीचे के अधिकारी से क्या बात की जाए। धरनास्थल पर सभी पटवारी व कानूनगो संघ के प्रतिनिधियों ने इस मसले पर बात करने से मना कर दिया।


भटक रहे हैं छात्र व किसान


पटवारियों की हड़ताल से इस वक्त किसान एवं छात्रवर्ग परेशान हैं। खरीफ की बुवाई का सीजन है, ऐसे में किसानों को नकल, जमाबंदी एवं नक्शे के लिए पटवारियों से काम पड़ता है। इसी प्रकार स्कूलों में अध्ययन करने वाले एवं सरकारी नौकरियों में आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को मूल निवासी एवं जाति प्रमाण-पत्र की मूल कॉपी पर पटवारी की रिपोर्ट कराने के लिए भटकते देखा गया।