
जुगाड़ चालक की हत्या के मामले में पुलिस ने जारी किए संदिग्ध के फोटो
लालसोट. शहर के लाल क्लब निवासी एक जुगाड़ चालक की हत्या करने के बाद उसका शव उपखण्ड के बिलौणा कलां गांव के पास लालसोट-कोटा मेगा हाईवे के पास डाले जाने के मामले मेें लालसोट थाना पुलिस ने एक संदिग्ध युवक के फोटो जारी किए हैं। लालसोट सीओ मनराज मीना ने बताया कि 24 फरवरी की शाम करीब साढ़े पांच बजे शहर के एक पेट्रोल पंप पर जुगाड़ चालक नन्नू खां अपने जुगाड़ पर एक अन्य युवक के साथ बैठा नजर आ रहा है।
नन्नू खां के साथ जुगाड़ में बैठे इस युवक की इस मामले में भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है। इसकेे चलते पुलिस इसकी तलाश में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि हल्की ढाढ़ी वाला यह युवक गहरे रंग की चेक शर्ट, नीले रंग की जींस, गले में सफेद रंग का तौलिया व पैरो में स्पोर्टस शूज पहने नजर आ रहा है। गौरतलब है कि शहर के लाल क्लब निवासी जुगाड़ चालक की हत्या करने के बाद अज्ञात जनों ने उसके शव को बिलौणा कलां गांव के पास लालसोट-कोटा मेगा हाईवे के पास डाल दिया था।(नि.प्र.)
सूने मकान में चोरी
लालसोट. शहर की जगदंबा कॉलोनी में लगातार दूसरी रात्रि को एक सूने मकान में चोरी की घटना के बाद लोगों में हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि इसी कॉलोनी में दिनेश साहू के मकान में किराए से रहने अध्यापक विश्राम सैनी के मकान में 23 फरवरी की रात्रि व 27 फरवरी की रात्रि को दो बार चोरी की वारदात होने से लोगों में भय बना हुआ है।
इसी कॉलोनी में रहने वाले शिक्षक सुरेश मीना सिरोही जिले में नौकरी पर गए हुए थे और इस दौरान उनके मकान में रहने वाले किराएदार भी गुरुवार को ही मकान खाली कर अपने गांव चले गए। जिसके बाद गुरुवार रात्रि को चोरों ने मकान में प्रवेश करने के बाद सभी कमरों के ताले तोड़े। बाद में आलमारियों का भी सामान बिखेरते सोने की चेन, सोना व चांदी की दो रिंग व चांदी की पायल समेत हजारों रुपए का सामान चुरा ले गए।
चोरी की जानकारी शुक्रवार सुबह उस वक्त मिली, जब सामने रहने वाले उनके रिश्तेदार के परिवार ने मकान के कमरो के गेट खुले हुए देखे। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना के बारे में जानकारी ली।
Published on:
02 Mar 2019 08:43 am
