
अधिकारियों से मांगी प्रगति रिपोर्ट, लापरवाही नहीं बरतने की दी हिदायत
दौसा. विधायक मुरारीलाल मीना ने जिला कलक्टर कार्यालय में सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर उनसे पहले प्रगति रिपोर्ट लेकर निर्देश दिए कि जनहित कार्यों में लापरवाही कतईबर्दास्त नहीं की जाएगी। विधायक ने अपने निर्वाचन के बाद पहली बार जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली है।
कलक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में जिला कलक्टर नरेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता मेें आयोजित बैठक में विधायक ने पीएमओ डॉ. बीके बजाज को जिला चिकित्सालय में साफ-सफाई समय पर करवाने, नर्सिंग कर्मियों को ड्रेसकोड में रहने के लिऐ पाबंद करने, लापरवाही चिकित्साकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने, लेबर रूम में महिला स्टाफ लगाने, वार्डों में समय पर बैडशीट बदलने सहित अन्य कार्य समय पर करने के निर्देश दिए।
जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता रामनिवास मीना को जिला चिकित्सालय में पेयजल के लिए टैंकर उपलब्ध करवाने, शहर व ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था करने, हैडपंपों को दुरस्त करने एवं ईसरदा बांध के सम्बन्ध में अबतक हुई प्रगति के की जानकारी ली। डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता ए.के. गुप्ता को रबी की फसल को देखते हुए दिन-रात में बिजली की समुचित व्यवस्था करने, जले हुए ट्रांसफार्मरों को समय पर बदलने, ट्रिपिंग की समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सीएमएचओ डॉ ओपी बैरवा को टीबी चिकित्सालय व ईएसआई अस्पताल के भवन निर्माण के लिए निदेशालय को बजट मांग के लिए पत्र लिखने के निर्देश दिए एवं सानिवि के अधीशाषी अभियंता मुरारी लाल मीना को जिले में चल रहे कार्यों को समय पर पूर्ण करने व सड़कों के बचे हुए कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीएम राजवीर सिंह चौधरी एवं एसडीएम डॉॅ. गोवर्धन शर्मा उपस्थित थे।
कलक्टर ने दिए यूरिया की कालाबाजारी रोकने के निर्देश: जिला कलक्टर नरेश कुमार शर्मा ने कृषि विभाग के उप निदेशक श्रीकांत अग्निहोत्री को यूरिया की समुचित व्यवस्था के लिए निदेशालय को मांग पत्र भिजवाने के निर्देश दिए एवं जिले में यूरिया की कालाबाजरी को रोकने के लिए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
Published on:
22 Dec 2018 08:12 am
