
सामूहिक उपवास रखकर रेलकर्मियों ने जताया विरोध
बांदीकुई. ऑल इण्डिया लोको रनिंग स्टॉफ एसोसिएशन केन्द्रीय कार्यकारिणी के आह्वान पर मंगलवार को रेलकर्मियों ने सामूहिक उपवास रख कर लॉबी कार्यालय व स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद रेलकर्मी ट्रेन से मण्डल रेल प्रबंधक कार्यालय जयपुर पहुंच धरने में शामिल हुए।
रेलकर्मियों ने बताया कि माइलेज दर आरएसी 1980 सिद्धांत के अनुसार शीघ्र निर्धारित करने, 1 जनवरी 2016 को पूर्व सेवानिवृत रनिंग स्टॉफ का तुलनात्मक पेंशन निर्धारण कर विसंगतियों में सुधार करने की मांग चली आ रही है, लेकिन रेल प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। मजबूरन विरोध पर उतारू होना पड़ रहा है। मण्डल उपाध्यक्ष लोकेश कसाना ने बताया कि सभी लोको पायलट व सहायक लोको पायलट ने मांगों के समर्थन में 48 घण्टे उपवास रखकर ट्रेनों का संचालन किया।
उन्होंने बताया कि रेलवे के 16 जोन, 70 डिवीजनों में रेलकर्मियों ने विरोध जताया। इस मौके पर सुमेर मीणा, मीठालाल मीणा, रामरतन प्रजापत, शाखा सचिव जौहरीलाल मीणा, कर्णसिंह पोषवाल, हेमलता सैनी, अंगद मीणा, सत्यनारायण मीणा, सुरेन्द्र जांगिड़ एवं शिवसिंह ने भी विरोध जताया।
पुलिसकर्मियों ने निकाली वाहनों की हवा
दौसा. शहर के लालसोट रोड पर कोतवाली थाना पुलिस ने सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े दुपहिया वाहनों को हटाया। कई वाहनों के टायर की हवा निकाल दी। कार्रवाई कोतवाली थाना प्रभारी नरेश मीना की मौजूदगी में हुई।
नन्दी गौशाला का संचालन दौसा में
दौसा. मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के अनुसार दौसा जिला मुख्यालय पर 50 लाख की लागत से नन्दी गौशाला के भवन का निर्माण करवाया जाएगा। नन्दी गौशाला संचालित करने वाली संस्था ,गौशाला में अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने पशु पालन विभाग के संयुक्त निदेशक को निर्देश दिए कि जिला मुख्यालय पर नंदी गौशाला को संचालन के लिए पिजरा पोल गोशाला का चयन कर प्रस्ताव के लिए प्रस्तुत करें।
वरिष्ठजनों का होगा सम्मान
महुवा. राजस्थान ब्राह्मण महासभा महुवा की बैठक मंगलवार को तहसील अध्यक्ष मोहनलाल तिवाड़ी की अध्यक्षता में सांवरिया सेठ पुष्प वाटिका गाजीपुर खावदा पर आयोजित हुई। इसमें गुरु पूर्णिमा पर 25 जुलाई को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय सम्मान समारोह को लेकर चर्चा की गई। गाजीपुर -खावदा में जिला स्तरीय वरिष्ठ जन एवं शहीदों का वीरांगनाओं का सम्मान होगा। इस मौके पर सुरेश बाड़ा, नंदकिशोर, ओमप्रकाश तालचिढ़ी, गोपाल पांडे ,रमेश पाराशर, गोपाल आदि मौजूद थे।
Published on:
18 Jul 2018 01:17 pm
