
,,
Rajasthan Assembly Election 2023 : विधानसभा चुनाव के दंगल में कांग्रेस ने दौसा जिले की पांचों विधानसभा सीटों से अपने सारे प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। सत्ता में वापसी के लिए कांग्रेस ने इस बार जिले में एसटी कार्ड चला है। अनुसूचित जाति वर्ग के मतदाताओं की बहुलता के कारण यहां पांच में से तीन प्रत्याशी एसटी वर्ग के उतारे गए हैं। वहीं एक उम्मीदवार ओबीसी और एक एससी वर्ग से हैं। हालांकि जिले में तीन सीट सामान्य होने के बावजूद एक भी प्रत्याशी सामान्य वर्ग से नहीं उतारना पार्टी को भारी भी पड़ सकता है। इधर, भाजपा अब जिले में कांग्रेस के एसटी कार्ड का तोड़ ढूंढ रही है। सूत्रों के अनुसार अब दौसा व महुवा सामान्य सीटो में से किसी एक जगह एसटी और एक जगह टिकट सामान्य वर्ग से आने वाले दावेदार को दिया जा सकता है।
दौसा जिले में लालसोट सीट एसटी वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में यहां से कांग्रेस ने पुराने चेहरे मंत्री परसादीलाल मीना पर ही भरोसा जताया है। वहीं भाजपा ने पिछला चुनाव हारने वाले रामबिलास मीना को फिर टिकट दिया है। सिकराय सीट एससी आरक्षित है। कांग्रेस ने मंत्री ममता भूपेश को फिर से मैदान में उतार दिया, लेकिन भाजपा अभी टिकट घोषित नहीं कर सकी है। मजबूत प्रत्याशी की तलाश के लिए सर्वे कराए जा रहे हैं।
बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र सामान्य है, लेकिन दोनों ही दलों ने ओबीसी वर्ग से उम्मीदवार उतार दिए हैं। कांग्रेस ने गुर्जर जाति से वर्तमान विधायक गजराज खटाना को फिर टिकट दिया है, वहीं भाजपा ने सैनी समाज के भागचंद टांकड़ा को उम्मीदवार घोषित किया है। ऐसे में अब यहां सामान्य व एससी वर्ग के वोटर निर्णायक हो गए हैं।
दौसा: दावेदारों की भरमार, जिताऊ की तलाश
दौसा सीट सामान्य है, लेकिन यहां एसटी-एससी वोट की बहुलता है। ऐसे में कांग्रेस ने लगातार तीसरी बार एसटी वर्ग से उम्मीदवार उतारा है। मंत्री मुरारीलाल मीना दौसा से चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने इस सीट से पिछले तीन चुनाव में सामान्य वर्ग से ब्राह्मण समाज से प्रत्याशी उतारे हैं, सफलता एक बार ही मिली है। ऐसे में इस बार सभी वर्गों व समाजों से दावेदार दौसा सीट से टिकट मांग रहे हैं। करीब 20 दावेदार अब तक सामने आ चुके हैं। अब पार्टी मुश्किल में है कि किसे मौका दिया जाए। भाजपा संगठन को विभिन्न समाजों की ओर से की जा रही मांग का दबाव भी सहना पड़ रहा है। ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों के राष्ट्रीय से लेकर प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारी दौसा से टिकट चाह रहे हैं।
महुवा: किसे मिलेगा टिकट, हर कोई उत्सुक
महुवा सामान्य सीट से कांग्रेस लगातार चार चुनाव हार चुकी है। ओबीसी व सामान्य वर्ग को पिछले चुनाव में टिकट देने पर भी सफलता नहीं मिली तो इस बार एसटी वर्ग को टिकट दिया है। एक बार भाजपा व एक बार निर्दलीय चुनाव जीतने वाले ओमप्रकाश हुड़ला को इस बार कांग्रेस ने टिकट दिया है। अब उनके सामने भाजपा से कौन उतरेगा, यह जानने के लिए क्षेत्र में मतदाता उत्सुक हैं। महुवा राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीना का गृह क्षेत्र है और पिछली बार उनके भतीजे पूर्व प्रधान राजेन्द्र मीना को पार्टी ने टिकट दिया था। इस बार भी किरोड़ी के परिवार से कोई उम्मीदवार होगा या किसी अन्य को मौका मिलेगा, इस पर मतदाताओं में तो चर्चा है, साथ ही भाजपा में भी मंथन का विषय है।
Published on:
28 Oct 2023 07:58 am
