
Shri Annapurna Rasoi Yojana : फोटो - AI
Shri Annapurna Rasoi Yojana : दौसा जिले में संचालित श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना का सात माह का भुगतान अटका होने के कारण रसोई संचालकों की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। संचालकों का कहना है कि उन्हें दिसंबर 2025 से अब तक अनुदान राशि नहीं मिली है, जिससे रसोई संचालन संकट में पड़ गया है। श्री अन्नपूर्णा रसोई संघ, दौसा के अध्यक्ष खेमराज जोशी ने बताया कि नगर परिषद दौसा के माध्यम से जिले में 19 अन्नपूर्णा रसोइयों का संचालन विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं और स्वयं सहायता समूहों की ओर से किया जा रहा है।
रसोई संचालकों ने बताया कि एक रसोई का औसत मासिक खर्च करीब एक लाख रुपए तक पहुंच जाता है। सात माह से भुगतान अटका होने के कारण एक-एक संचालक पर 6 से 8 लाख रुपए तक का बकाया हो चुका है। ऐसे में राशन सामग्री, गैस सिलेंडर और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करना मुश्किल होता जा रहा है। बाजार में उधार मिलना भी मुश्किल हो चुका है, जिससे आर्थिक संकट और गहरा गया है।
संघ पदाधिकारियों का कहना है कि कई बार राजस्थान संपर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। नगर परिषद की ओर से बजट उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर प्रकरणों का निस्तारण कर दिया जाता है। इसके अलावा अधिकारियों से व्यक्तिगत और लिखित संपर्क के बावजूद कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो योजना का संचालन प्रभावित हो सकता है, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को मिलने वाला सस्ता भोजन बंद होने की आशंका है। जिले में संचालित अनेक रसोइयों के संचालकों ने जिला कलक्टर व आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर लंबित भुगतान जल्द जारी कराने की मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष के अलावा मुकेश राणा, कृष्णा कुमारी, रामदयाल मीणा, सुप्रीम मीणा सहित अन्य संचालक शामिल रहे। जिला कलक्टर ने रसोई संचालकों को आश्वासन दिया कि लंबित भुगतान जल्द करवाने का प्रयास किया जाएगा।
दौसा - 9
लालसोट - 3
बांदीकुई - 3
महुवा - 2
मंडावर - 1
मंडावरी - 1
(मेन्यू - 2 सब्जी, 1 दाल, 8 चपाती, चावल और अचार।)
कब से नहीं मिल रहा भुगतान : दिसंबर 2025 से
सरकारी अनुदान 22 रुपए प्रति प्लेट
आमजन देते हैं 8 रुपए प्रति प्लेट
संचालक को मिलते 30 रुपए प्रति थाली
(रसोई संचालन समय सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक)
अन्नपूर्णा रसोई का भुगतान दिसंबर 2025 के बाद से नहीं होने के कारण संचालन मुश्किल हो रहा है। प्रशासन को जल्द से जल्द भुगतान करवाना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों को तय समय पर 8 रुपए में भोजन मिलता रहे।
धर्मपाल गुर्जर, सचिव, अन्नपूर्णा रसोई संघ दौसा
Published on:
23 Jun 2026 09:54 am
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
