
रैली निकाल किया मतदाताओं को जागरूक
सिकराय. निर्वाचन विभाग के मतदाता जागरूकता अभियान के तहत उपखण्ड अधिकारी मीनाक्षी मीणा,विकास अधिकारी विजय सिंह चौहान, तहसीलदार प्रेमराज मीणा ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। कुंडेरा डूंगर, रामेडा के बूथों पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया।
नोडल विकास अधिकारी विजयसिंह चौहान ने बताया कि गुरुवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई।इसमें महिला एवं बाल विकास विभाग की आशाा मीणा व महिला पर्यवेक्षक सीमा जायसवाल के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मतदाता जागरूकता नारे लिखी पट्टी हाथ में लेकर नारे लगाते हुए रैली में भाग लिया। रैली पंचायत समिति कार्यालय से रवाना होकर पुराना तहसील भवन, होती हुई उपखंड कार्यालय गई। स्वीप टीम प्रभारी प्रेमप्रकाश उमरवाल ने बताया कि कला जत्था टीम ने कुंडेरा डूंगर व डूंगर सिकराय, रामेड़ा ग्राम में नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान का महत्व समझा कर अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित किया। कला जत्था टीम में रामभरोसी शर्मा, शिवकुमार भट्ट, मथुरालाल गुर्जर, बन्नालाल सैनी, ज्ञानसिंह गुर्जर, महेश टेलर ने भाग लिया। सिकराय सरपंच शीला मीणा, पंचायत प्रसार अधिकारी केके, रामलखन मीणा, सुरेश कुमार शर्मा, स्काउट एंड गाइड के कल्याणसहाय जांगिड़ ने ग्रामीणों को मतदान का महत्व बताया
मैराथन दौड़ कल
लालसोट. विधानसभा आम चुनाव के तहत मतदाता जागरूकता के लिए मैराथन दौड़ शनिवार को सुबह सात बजे अशोक शर्मा राउमावि के मैदान से प्रारंभ होंगी। जिसमें महाविद्यालय एनएसएस छात्र, स्काउड गाइड, पुलिस के जवान एवं अन्य संस्थाओं एवं संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे। यह जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील आर्य ने दी। (नि.सं.)
दौसा. जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेश कुमार शर्मा ने सभी रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में लगाए गए सभी सैक्टर्स अधिकारियों को क्षेत्र का सतत दौरा कर संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों एवं उनसे संबंधित क्षेत्रों की पहचान करने की सख्त हिदायत दे। साथ ही ऐसी सूचना जिला निर्वाचन कार्यालय एवं पुलिस के साथ साझा करने के भी निर्देश दिए ताकि चुनावों में गड़बड़ी पैदा करने वाले, मतदाताओं को डराने, धमकाने या प्रलोभन देने वाले लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही की जा सके। जिल निर्वाचन अधिकारी नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि जिले के प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में क्रिटिकल मतदान केन्द्रों की पहचान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार की जाएगी। ऐसे मतदान केन्द्र जहां पर मतदाता फोटो पहचान पत्र शत प्रतिशत उपलब्ध नहीं हंै, उनको प्रथम श्रेणी का मतदान केन्द्र निर्धारित किया जाएगा। ऐसे मतदान केन्द्र जिनमें ऐसे मतदाता जिनका कि परिवार से लिंक नहीं है और वे मतदाता वहां नहीं रहते हैं, उनकी सूची बनाकर उन्हें द्वितीय श्रेणी का मतदान केन्द्र निर्धारित किया जाएगा।
सरकारी विश्राम गृहों में ठहर कर राजनीतिक गतिविधियां संचालित करने पर पूर्णत: प्रतिबंधित
दौसा. विधानसभा चुनाव के दौरान जिले के सभी सरकारी विश्राम गृहों में ठहर कर राजनीतिक गतिविधियां संचालित करने पर पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि सरकारी विश्राम गृहों में स्थान उपलब्ध होने पर जेड व उससे ऊपर की श्रेणी में सुरक्षा प्राप्त राजनीतिक हस्तियों को आवास एवं भोजन उपलब्ध कराया जा सकेगा, लेकिन ऐसे व्यक्ति विश्राम गृहों में नहीं ठहर कर राजनीतिक गतिविधियों का संचालन नहीं कर सकेंगे। उन्होंने सभी रिटर्निंग अधिकारियों को विश्राम गृहों में आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालना कराने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश सभी राजकीय, निगम, मण्डल एवं स्वायत्तशासी संस्थाओं के विश्राम गृहों, डाक बंगलों एवं गेस्ट हाउस पर लागू होंगे।
Published on:
19 Oct 2018 12:03 pm
