
बागियों ने उड़ाई भाजपा-कांग्रेस के नेताओं की नींद
दौसा. टिकट वितरण के बाद भाजपा व कांग्रेस के नेताओं की नींद बागियों ने उड़ा दी है। स्थानीय स्तर पर मनाने के प्रयास भी सफल होते नहीं दिख रहे हैं। अब नामांकन का अंतिम दिन निकलने के बाद प्रदेश नेताओं के हस्तक्षेप से डेमेज कंट्रोल होने की उम्मीद लेकर स्थानीय नेता बैठे हैं। खास बात यह है कि बागियों से दोनों ही दलों को नुकसान की आशंका है।
भाजपा से बगावत कर विधायक गीता वर्मा सिकराय से भारत वाहिनी पार्टी से चुनाव मैदान में उतर रही हैं। सोमवार को उन्होंने नामांकन दाखिल करने का ऐलान किया है। 2013 में राजपा से जीतकर विधायक बनी गीता वर्मा आठ माह पूर्व ही भाजपा में शामिल हुई, लेकिन भाजपा संगठन से तालमेल नहीं बना पाने के कारण उनका टिकट कट गया। गीता वर्मा भाजपा से 2008 में चुनाव लड़ी थी। हारने के बाद 2013 में राजपा से चुनाव लड़कर जीता। मार्च 2018 में वापस भाजपा में आई तथा अब तीसरी पार्टी में चली गई हैं।
इसी तरह पूर्व विधायक नंदलाल बंशीवाल ने सिकराय से टिकट नहीं मिलने पर भाजपा से बगावत कर दौसा से निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान किया है। बंशीवाल दो बार दौसा से विधायक रह चुके हैं। 1998 में निर्दलीय तथा 2003 में भाजपा के टिकट पर दौसा से जीते, 2013 में भाजपा ने नंदलाल को सिकराय से मैदान में उतारा था, लेकिन वे त्रिकोणीय मुकाबले में हार गए थे। अब सिकराय से टिकट नहीं मिलने पर दौसा से ताल ठोकते हुए 19 नवम्बर को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने की घोषणा की है।
वहीं बांदीकुई में कांग्रेस में बगावत के सुर सामने आए हैं। टिकट के दावेदार वेदप्रकाश शर्मा ने निर्दलीय चुनाव लडऩे की घोषणा कर दी है।
महुवा में दोनों तरफ खलबली
संसदीय सचिव ओमप्रकाश हुड़ला के भाजपा से इस्तीफा देने से भाजपा के साथ कांग्रेस में भी खलबली मच गई। हुड़ला समर्थित कार्यकर्ताओं में जहां टिकट नहीं मिलने से नाराजगी रही। वहीं कांग्रेस के स्थानीय दावेदारों में यह चिंता हो गई कि हुड़ला के आने से पार्टी कहीं उनकी अनदेखी ना कर दे। इसी बीच स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने बैठक आयोजित की।
पूर्व जिला प्रमुख अजीत सिंह ने बताया कि क्षेत्र के कार्यकर्र्ताओं की बैठक के दौरान सभी ने एक स्वर में निर्णय लिया है कि अगर किसी अन्य प्रत्याशी को टिकट देती है तो वो निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने सोमवार को कांग्रेस व निर्दलीय नामांकन दाखिल करने की बात भी कही। इस दौरान कई स्थानीय नेता मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि हुड़ला भी अपनी ताकत दिखाने को लेकर महुवा में सभा कर चुके हैं। उन्होंने सभा में महुवा से ही चुनावी मैदान में उतरने का एलान कर दिया था।
Updated on:
19 Nov 2018 08:34 am
Published on:
19 Nov 2018 08:34 am
