
शारीरिक संबंध बनाने से मना किया तो वायरल कर दी विवाहिता की फोटो
सिकंदरा. थाना इलाके के चांदपुर गांव निवासी विवाहिता ने गांव के ही एक जने के खिलाफ फोटो इंटरनेट पर डालने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार विवाहिता ने बताया कि सात माह पूर्व गांव के भूपेन्द्र मीना ने उसके साथ गले में हाथ डालकर फोटो खींची थी। इसके बाद भूपेन्द्र ने पीडि़ता से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। पीडि़ता के मना करने पर फोटो इंटरनेट पर डालकर वायरल कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरु कर दिया।
बिजली का तार टूटने से बाइक सवार की मौत
बांदीकुई. ग्राम पंचायत ऊनबड़ा गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सामने शनिवार देर रात बिजली का तार टूटकर गिर जाने से बाइक सवार एक श्रमिक की करंट लगने से मौत हो गई। सूचना पर सरपंच मलखान सैनी ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और निगम कार्यालय में दूरभाष पर सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद करवाई। इसके बाद शव को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां रविवार सुबह मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सरपंच ने बताया कि देर शाम आए तेज अंधड़ में तार टूटकर गिर गया।
इसी दौरान राजकीय उमावि ऊनबड़ागांव में विद्यालय भवन निर्माण में मजदूरी करके रामरतन (35)पुत्र जगदीश बैरवा निवासी सूरजपुरा थाना सदर दौसा बाइक से ही गांव में लौट रहा था कि तार बाइक पर गिरने से उसकी करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बाइक भी जल गई। उन्होंने बताया कि मौत की सूचना पर परिजन चिकित्सालय पहुंचे। जहां शव को देख बिलख पड़े। इससे माहौल गमगीन हो गया। सूचना पर बिजली निगम अधिकारियों ने मौके पर पहुंच मामले की जानकारी ली और तारों की मरम्मत करके बिजली सप्लाई सुचारू की।
बिजली कटौती को लेकर फूटा गुस्सा
लवाण. कस्बे में दस दिन से लगातार बिजली कटौती से परेशान महिलाओं ने रविवार को बस स्टैण्ड पर दौसा-चाकसू स्टेट हाइवे जाम लगाकर बिजली निगम के खिलाप नारे लगाए। तेज धूप के बाद भी महिलाएं सड़क पर बैठी रही।सूचना पर आधा घंटे बाद पहुंचे हैड कांस्टेबल जगदीश प्रसाद ने समझाकर जाम खुलवाया और महिलाओं की समस्या सुनी। बात नहीं बनने पर महिलाओं ने थोडी देर बाद फिर से जाम लगाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस ने तहसीदार से दूरभाष पर महिलाओं की बात कराई। तहसीलदार द्वारा बिजली कटौती नहीं होने का आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाएं घरों को चली गई।
Published on:
11 Jun 2018 09:08 am
