
दुकान के ताले तोड़ पौने चार लाख की शराब पार
बांदीकुई. शहर के हरिपुरा रोड पर शराब की दुकान का ताला तोड़कर चोर रविवार रात करीब पौने चार लाख रुपए की देशी शराब की पेटियां पार कर ले गए। घटना का पता सोमवार सुबह शटर खुली दिखाई देने पर पड़ौसियों की सूचना पर लगा। थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार हरिपुरा रोड पर मैसर्स पंकज कुमार की शराब की दुकान स्थित है। रविवार शाम सैल्समैन रामप्रसाद बैरवा दकान बंद कर गया था। सुबह सैल्समैन व अन्य लोगों ने पहुंच नुकसान का जायजा लिया। चोरों ने शटर एक ओर का हिस्सा उखाड़ लिया और ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। बाद में देशी शराब की करीब तीन सौ पेटियां पार कर ले गए। इस शराब की कीमत करीब पौने चार लाख रुपए है। जिस प्रकार से घटना को अंजाम दिया है उससे प्रतीत होता है कि चोरों की संख्या दो से अधिक थी और चोर चौपहिया वाहन से आए थे। वाहन में शराब की पेटियां रखकर चोर पार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
टैंकर की टक्कर से बाइक सवार की मौत
सिकंदरा. जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर झूपड़ीन गांव के समीप टैंकर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बुड़ली गांव निवासी रामवीरसिंह गुर्जर (18) बाइक से मानपुर से बुड़ली गांव लौट रहा था। इसी बीच झूपड़ीन गांव के समीप टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने युवक के शव को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिकंदरा की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
70 हजार रुपए की हरियाणा निर्मित शराब जब्त
महुवा. थाना पुलिस ने रविवार रात को मंडावर रोड से एक कार की डिक्की में भरकर ले जाई जा रही हरियाणा निर्मित शराब को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। उप निरीक्षक महावीर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि मंडावर की ओर से एक कार में हरियाणा निर्मित शराब भरकर ले जाई जा रही है। इस पर पुलिस ने मंडावर रोड थाने के बगल से एक कार को रुकवाकर उसकी तलाशी ली तो उसमें से हरियाणा निर्मित शराब की 170 बोतलें मिली। जिनको जब्त कर चालक नाहरसिंह निवासी टोडरा को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि जब्त शराब की अनुमानित कीमत 70 हजार रुपए बताई जा रही है।
Published on:
10 Dec 2018 09:11 pm
