
कहीं छोड़ा तो कहीं हटाया अतिक्रमण
दौसा.
नगर परिषद के दल ने मंगलवार को दौसा में नया कटला, मानगंज सहित मंडी रोड पर अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई से अतिक्रमियों में खलबली मच गई तथा अपने स्तर पर सामानों को हटाना शुरू कर दिया। इस दौरान दल ने दुकानों के बाहर सड़क पर रखे सामानों को जब्त करने की कार्रवाई भी की। थड़ी-ठेलों को भी हटाया। दल को अतिक्रमियों के विरोध का सामना भी करना पड़ा। दल में सहायक अग्निशमन अधिकारी नरेश मीना, कनिष्ठ अभियंता श्यामसुंदर जोशी, राजस्व निरीक्षक समयसिंह मीना, सुरज्ञान गुर्जर, सीपी, राजेश गौत्तम सहित सफाईकर्मी शामिल थे।
जलदाय कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
लालसोट. जलदाय विभाग द्वारा शहर के ग्रामीण वार्डों में पेयजल आपूर्ति के लिए बनाई गई आठ करोड़ रुपए की नवीन पेयजल योजना से वंचित रखने का आरोप लगाते हुए वार्ड 4 व 13 के लोगों ने 13 जुलाई को जलदाय विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी।
ग्रामीण मुरारीलाल बोहरा, संतोष शर्मा, रामवतार शर्मा, रामकिशोर सैनी, प्रकाश सैनी, हीरालाल सैनी, लाडा देवी समेत कई जनों ने बताया कि जलदाय विभाग ने शहर के ग्रामीण वार्डों में पेयजल आपूर्ति के लिए आठ करोड़ रुपए की पेयजल योजना का कार्य पूरा करने के बाद अब पेयजल आपूर्ति भी शुरू दी है। इस योजना से वार्ड 4 व 13 में पाइप लाइन नहीं बिछाते हुए दीवान की कोठी, झांपदा वालोंं की ढाणी, लोटन ढाणी एवं मंडावरा ढाणी के सैकड़ों परिवारों को इस योजना को वंचित कर दिया है। लोगों ने कहा कि वार्ड 4 व 13 में अधिकांश परिवार पानी खरीद कर अपनी प्यास बुझाने को मजबूर है और क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट को दूर करने व नवीन पेयजल योजना से जोडऩे की मांग को लेकर कई बार विभाग के अधिकारियों को भी ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है। ग्रामीणों ने बताया कि 12 जुलाई तक समस्या का समाधान नहीं किया तो 13 को जलदाय विभाग कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। (नि.प्र.)
सहकार भवन में किया पौधारोपण
दौसा. केन्द्रीय सहकारी बैंक की ओर से सहकार भवन में पौधारोपण अभियान चलाया गया। प्रबंध निदेशक शिवदयाल मीना ने बताया कि सतत् उपभोग एवं उत्पादन की थीम पर वृहद स्तर पर पौधारोपण किए जा रहे हैं। दौसा जिले में 5 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस मौके पर गब्बूराम मीना, केके जलुथरिया, शंकरलाल शर्मा, रमेशचन्द मीना, मनोज चौधरी, महेन्द्र तिवाड़ी, मुकेश शर्मा, सतीश शर्मा, महावीरप्रसाद शर्मा, गौरव द्विवेदी, धनसीराम बैरवा, सीमा महावर, पवन गुप्ता आदि ने सहयोग किया।
Published on:
11 Jul 2018 11:54 am
