
हादसे के बाद खड़ी पिकअप ।
लालसोट. मंडावरी थाना क्षेत्र के डिवाचली गांव में चारे से भरी ओवरलोड पिकअप में 11 केवी लाइन केे झूलते तारों के छूने से करंट दौड़ गया तथा वाहन में सवार तीन जनों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई। एक जना गंभीर रूप से झुलस गया। मंडावरी थाना पुलिस केे अनुसार मंडावरी-डिवाचली मार्ग पर एक खेत से चारा भरने के बाद पिकअप चालक मुख्य रोड पर पिकअप को चढ़ा रहा था। इसी दौरान झूलते तार पिकअप को छू गए और वाहन में करंट प्रवाहित हो गया। इससे डिवाचली गांव के ही निवासी विश्राम मीना व गब्दू उर्फ राहुल मीना की मौके पर ही मौत हो गई। मोहरसिंह सैनी झुलस गया।
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर आस-पास के ग्रामीण पहुंच गए और पिकअप को तार से दूर करने के बाद सभी को बाहर निकाला। पुलिस वृत्ताधिकारी मोहनलाल व मंडावरी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को मंडावरी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों के सुपर्द कर दिया। (नि.प्र.)
डिवाचली गांव में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही डिवाचली गांव में कोहराम मच गया। परिजन शवों को देखकर बिलख पड़े।अन्य ग्रामीणों ने उन्हें ढांढस बंधाया। दोनों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
ग्रामीणों ने निगम को दोषी ठहराया
डिवाचली के ग्रामीणों ने घटना के लिए विद्युत निगम के अधिकारियों को दोषी ठहराया। ग्रामीणों ने बताया कि पूरे क्षेत्र में जगह-जगह बिजली के तार झूल रहे हैं। इनसे हमेशा हादसा होने का खतरा मंडरात है। ग्रामीणों ने बताया कि गत दिनों आए अंधड़ के बाद तो हालात और भी खराब हो गए हंै। (नि.प्र.)
आरोपी गिरफ्तार
लालसोट. रामगढ़ पचवारा थाना पुलिस ने अपहरण व मारपीट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी रविन्द्र ने बताया कि शंभूलाल मीना निवासी ढोलावास का दो साल पूर्व कुछ जनों ने रालावास गांव के पास से मारपीट कर अपहरण किया था।इस मामले में फरार आरोपी पप्पूलाल पुत्र रामेश्वर मीना निवासी गढी थाना मानपुर को नांगल राजावतान बस स्टैण्ड से गिरफ्तार कर घटना में उपयोग ली गई कार को भी जब्त कर लिया।(नि.प्र.)
Published on:
10 Jun 2018 08:36 am
