6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

घिरने पर आरोपी ने किया फायर, एएसआइ के पैर में लगी गोली

कोटा से फरार हत्या के आरोपी को पुलिस ने दबोचा

2 min read
Google source verification
घिरने पर आरोपी ने किया फायर, एएसआइ के पैर में लगी गोली

घिरने पर आरोपी ने किया फायर, एएसआइ के पैर में लगी गोली

दौसा. नांगल राजावतान थाना क्षेत्र से गुजर रहे नेशनल हाइवे 11ए स्थित टीटोली टोल प्लाजा के समीप हत्या के मामले में कोटा से फरार आरोपी ने शुक्रवार दोपहर स्थानीय पुलिस के पीछा करने पर फायर कर भागने का प्रयास किया, पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से उसे दबोच लिया। इस दौरान पांव में गोली लगने से सहायक पुलिस उपनिरीक्षक घायल हो गया। घायल एएसआइ को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। लालसोट सीओ शंकरलाल व दौसा सीओ दीपक शर्मा अस्पताल पहुंचे। एसपी अनिल बेनिवाल ने फोन कर घायल की कुशलक्षेम जानी।
नांगल राजावतान थानाधिकारी रामपाल मीणा ने बताया कि कोटा शहर से हत्या के मामले में फरार आरोपी के क्षेत्र में आने की सूचना पर एएसआइ हरिराम जाब्ते के साथ टोल प्लाजा पर पहुंचे। आरोपी सुनील पांचाल निवासी केशवपुरा थाना मालवीय नगर कोटा को पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो वह अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर खेतों की ओर भाग गया। पुलिस ने घेरकर उसे पकडऩे की कोशिश की तो एएसआइ हरिराम ने सामने से जाकर उसे रोक लिया। आरोपी ने एएसआइ को पिस्टल दिखाकर भागने के लिए बाइक की चाबी मांगी। एएसआइ ने चाबी देने से मना करते हुए सरेण्डर करने को कहा। इस पर आरोपी ने गोली मारकर भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी को ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने दबोच लिया। घायल एएसआइ को हाइवे एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं आरोपी को थाने ले गए।
पुलिस को थी तलाश : हत्या के बाद पुलिस से बचकर बाइक पर आरोपी कोटा से फरार हो गया। कोटा व गंगापुर सिटी पुलिस भी आरोपी के पीछे लगी थी। लालसोट सीओ ने थाना पुलिस को आरोपी के दौसा की ओर जाने की सूचना दी। इस पर नाकाबंदी की गई।

चलती बाइक से भागा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टोल प्लाजा के समीप पुलिस को देखते ही आरोपी चलती मोटरसाइकिल से ही उतरकर खेतों की ओर भाग निकला। इस पर पुलिस ने आरोपी का पीछा किया। ग्रामीण भी पुलिस के सहयोग के लिए दौड़ पड़े। करीब 1 किलोमीटर दूर भागने के बाद आरोपी को दबोच लिया गया।