scriptदीपोत्सव पर बिखरे आस्था व उल्लास के रंग | The color of the belief and joy of spreading on the festival | Patrika News

दीपोत्सव पर बिखरे आस्था व उल्लास के रंग

locationदौसाPublished: Nov 10, 2018 12:58:15 pm

Submitted by:

Rajendra Jain

मंदिरों में अन्नकूट की रही धूम

The color of the belief and joy of spreading on the festival

दीपोत्सव पर बिखरे आस्था व उल्लास के रंग

दौसा. दीपोत्सव का पांच दिवसीय त्योहार जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दीपावली के दिन बाजारों में जमकर भीड़भाड़ रही। शाम को लोगों ने विधि-विधान के सथ लक्ष्मी पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की। गोवर्धन पर लोगों ने चूरमा बाटी का व्यंजन बनाया और गोवर्धन पर भोग लगाया। शुक्रवार को भाई दूज पर बहनों ने भाइयों के मंगल तिलक लगा कर उनकी लम्बी उम्र की कामना की। शुक्रवार को पांच दिवसीय दीपोत्सव का समापन हो गया।
दीपावली पर जिला मुख्यालय समेत छोटे व बड़े कस्बों में सुबह से शाम तक जम कर भीड़ रही। खासकर मिठाइयों एवं पटाखों की दुकानों पर जमकर बिक्री हुई। शाम को चारों ओर रंग बिरंगी रोशनी की जगमगाहट दिखाई दी। लोगों ने लक्ष्मीपूजन किया। महिला व युवतियां नए कपड़े पहन कर देवालयों में दीपक रखने गई। छोटों ने बड़ों को ढोक लगा कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद आतिशबाजी की गई। गोवर्धन के दिन लोगों ने घरों में चूरमा-बाटी का व्यंजन बनाए। शाम को हर गली-मोहल्ले, गांव व ढाणियों में गोबर से गोवर्धन की प्रतिमा बनाई और भोग लगाया। इसी प्रकार शुक्रवार को हर घर भाईदूज की पूजा अर्चना हुई। बहनों ने भाइयों को मंगल तिलक लगा कर उनकी लम्बी उम्र की कामना की तो भाइयों ने बहनों को भेंट दी।
दौसा ग्रामीण. ग्रामीण इलाके में दीपोत्सव का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
गोवर्धन पर शिव कॉलोनी स्थित केदारनाथ शिव मन्दिर में अन्नकूट प्रसादी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शंकर भगवान के प्रसादी का भोग लगाकर पूजा अर्चना कर की गई। इस मौके पर डॉ. शिव शर्मा, विनायक लाटा, गोपेश शर्मा, डॉ. प्रवीण व्यास, अश्विनी लाटा, कपिल कौशिक, अवधेश पारीक, रिंकू शर्मा, नरेश पारीक, बालकृष्ण जोशी, सागर लाटा आदि ने सहयोग किया। बनियाना, भांकरी एवं जोशी के कोठी सहित आस-पास के क्षेत्र में दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
बांदीकुई . शहर सहित उपखण्ड क्षेत्र में दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बुधवार को लोगों ने घरों को रंग-बिरंगी पताकाओं व रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया। बाजार में प्रतिष्ठान भी सजे दिखाई दिए। घर के आंगन में मांडनेे बनाए। शाम को लक्ष्मीजी का पूजन किया और घर में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। घरों में पकवान बनाए गए। दूसरे दिन गोवर्धन पूजा की गई। जहां गोवर्धन महाराज की झांकी सजाकर पूजा की। शहर के मालीपुरा में सामूहिक गोवर्धन पूजा की गई। शाम को दाल-बाटी चूरमा बनाया गया। शुक्रवार को भैया दूज का पर्व मनाया गयाा। जहां बहनों ने भाइयों के तिलक लगाकर दीर्घायु होने की कामना की। भाइयों नेे बहनों को उपहार भेंट किए।
इसकेे अलावा भाजपा, कांग्रेेस एवंं बसपा से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने समूह के रूप में बाजार में जाकर लोगों से दीपावली की रामा-श्यामा की।
सिकराय. दीपावली पर सिकराय के बाजारों में भीड़ रही। ग्रामीणों ने मिठाई, गहने, कपड़े, आतिशबाजी की जमकर खरीदारी की। महिलाओं ने मंदिरों व घरों में दीपक जलाए। गोवर्धन पर सामूहिक रूप से पूजा कर आतिशबाजी का आनंद लिया। लक्ष्मीनारायण मंदिर, गोपालजी मंदिर, दाऊजी सहित अन्य मंदिरों में भक्तों ने अन्नकूट प्रसादी जीमी। भाईदोज पर बहनों ने भाइयों के तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की।
दुब्बी. कस्बे के गांव धनावड़, कालाखो, रेटा, कैलाई, भोजपुरा, पीलवा सहित आस पास के गांवों में दीपावली व गोवर्धन सहित भाईदूज का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। घर व प्रतिष्ठान रोशनी से जगमग हो गए। लक्ष्मी पूजन कर आतिशबाजी की गई।
गीजगढ़. कस्बे सहित आसपास के गंावों में पांच दिवसीय दीपोत्सव मनाया गया। बाजारों में दिनभर सजावट के साथ भीड़ रही। लोगों ने घरों में लक्ष्मी पूजन किया व जमकर आतिशबाजी की। बांकली बालाजी मन्दिर पर आकर्षक झांकी सजाकर भजन कार्यक्रम आयोजित किया। गोवर्धन के दिन मन्दिरों में अन्नकूट प्रसादी वितरण किया। कस्बे के गोपालजी, जगदीशजी, रामेश्वर सहित दो दर्जन से अधिक मन्दिरों में प्रसादी बनाई। शुक्रवार को भाई दूज का पर्व मनाया। बहनों ने भाइयों के माथे पर मंगल तिलक लगाकर मुंह मीठा कराया।
मानपुर. क्षेत्र में पांच दिवसीय दीपोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। दीपावली पर लोगों ने मां लक्ष्मी की पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। गोर्वधन पर पूजा-अर्चना कर अन्नकूट का प्रसाद वितरण किया गया। शुक्रवार को भाई दूज पर बहनों ने अपने भाइयों के तिलक लगाकर लम्बी उम्र की कामना की। कई मंदिरों में सजावट की गई।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो