
प्रथम चरण का चुनाव कराकर लौटे दल, जमा कराए ईवीएम बेलेट बॉक्स
दौसा. जिले में पंचायतराज चुनाव के तहत प्रथम चरण में महुवा, लालसोट व लवाण पंचायत समिति की ग्राम पंचायतों में मतदान कराकर दल मंगलवार देर शाम तक लौट आए। दोपहर करीब 1 बजे से ही दलों के वाहनों का रामकरण जोशी स्कूल में आना शुरू हो गया था। संबंधित काउंटरों पर मतदान दलों के कार्मिकों ने सामग्री, ईवीएम व बेलेट बॉक्स आदि जमा कराए।
इससे स्कूल परिसर में चुनावी जमघट दिनभर लगा रहा। वहीं वाहन प्रकोष्ठ के कार्मिक भी व्यस्त रहे। स्कूल परिसर में खड़े वाहनों को नगर परिषद की टीम ने सेनेटाइज भी किया। वहीं वाहनों के लगातार आने-जाने से लालसोट रोड पर यातायात भी अव्यवस्थित रहा। स्कूल मैदान में जगह कम होने से वाहन चालक परेशान नजर आए।
चौथे चरण के लिए नामांकन बुधवार को
पंचायतराज चुनाव के चौथे चरण में जिले की दौसा व बांदीकुई पंचायत समिति क्षेत्र की 58 ग्राम पंचायतों में सरपंच व 576 पंच पद के चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके लिए मंगलवार को रामकरण जोशी विद्यालय परिसर से आवेदन लेने के लिए रेण्डमाइजेशन के बाद आरओ व एआरओ के दल रवाना हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी पीयुष समारिया विद्यालय में प्रशिक्षण व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार चौथे चरण के लिए बुधवार सुबह 10 से शाम 5 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकते हैं। गुरुवार सुबह दस बजे नामांकन संवीक्षा होगी। दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित है। इसके तुरंत बाद चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन होगा। 9 अक्टूबर को मतदान दल ग्राम पंचायतों में पहुंचेंगे। 10 अक्टूबर को सुबह 7.30 से शाम 5.30 बजे तक मतदान होगा। इसके तुरंत बाद मतगणना होगी। 11 को उप सरपंच का चुनाव कराकर मतदान दल वापस लौटेंगे।
Published on:
29 Sept 2020 11:21 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
