
लालसोट में फिर सूने मकान में चोरी
लालसोट. शहर की जगदंबा कॉलोनी में लगातार दूसरी रात्रि को एक सूने मकान में चोरी की घटना के बाद लोगों में हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि इसी कॉलोनी में दिनेश साहू के मकान में किराए से रहने अध्यापक विश्राम सैनी के मकान में 23 फरवरी की रात्रि व 27 फरवरी की रात्रि को दो बार चोरी की वारदात होने से लोगों में भय बना हुआ है।
इसी कॉलोनी में रहने वाले शिक्षक सुरेश मीना सिरोही जिले में नौकरी पर गए हुए थे और इस दौरान उनके मकान में रहने वाले किराएदार भी गुरुवार को ही मकान खाली कर अपने गांव चले गए। जिसके बाद गुरुवार रात्रि को चोरों ने मकान में प्रवेश करने के बाद सभी कमरों के ताले तोड़े। बाद में आलमारियों का भी सामान बिखेरते सोने की चेन, सोना व चांदी की दो रिंग व चांदी की पायल समेत हजारों रुपए का सामान चुरा ले गए।
चोरी की जानकारी शुक्रवार सुबह उस वक्त मिली, जब सामने रहने वाले उनके रिश्तेदार के परिवार ने मकान के कमरो के गेट खुले हुए देखे। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना के बारे में जानकारी ली।
पुलिस के सर्वे पर दोबारा उठे सवाल
लालसोट थाना पुलिस ने गत माह शहर में बढ़ती चोरियों की घटनाओं के चलते किराएदारों का सर्वे करने का दावा किया था, लेकिन पुलिस के पास सुरेश मीना के इस मकान रहने वाले किराएदारों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसके चलते पुलिस के सर्वे पर भी सवाल उठ गए हैं। किराएदार गुरुवार को ही मकान खाली कर गए थे और मकान खाली होने के बाद उसी रात्रि को हुई इस घटना ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।(नि.प्र.)
पशुओं में फैली बीमारी, आधा दर्जन की मौत
सिकंदरा. बींदरवाड़ा गांव में पशुओं में अज्ञात बीमारी फैलने से आधा दर्जन पशुओं की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों व सरपंच द्वारा कई बार सूचना देने के बाद भी पशु चिकित्सकों की टीम गांव में पशुओं के उपचार के लिए नहीं पहुंची है। इससे आए दिन पशुओं की अकाल मौत मर रहे।
ग्रामीण पिंटू मीना ने बताया कि एक सप्ताह से पशुओं में अज्ञात बीमारी फैली हुई है। ग्रामीण निजी चिकित्सकों से पशुओं का उपचार करा रहे है। इसके बाद भी बीमारी नियंत्रित नहीं हो रही। अज्ञात बीमारी से ग्रामीण शिवसहाय मीना, मुरारीलाल मीणा, भरोसी, अर्जुन सहित अन्य लोगों के आधा दर्जन मवेशियों की मौत हो चुकी है। एक दर्जन पशु अभी ढाणी में बीमारी की चपेट में हैं।
Published on:
02 Mar 2019 08:25 am
