scriptप्रदेश की इस हॉट सीट पर ये रहे भाजपा की जीत व कांग्रेस के हार के कारण | This is due to BJP's victory and defeat of Congress | Patrika News
दौसा

प्रदेश की इस हॉट सीट पर ये रहे भाजपा की जीत व कांग्रेस के हार के कारण

भाजपा: कारगर रही रणनीति, कमजोरी दूर करने में कामयाबी

दौसाMay 24, 2019 / 08:14 am

gaurav khandelwal

दौसा. गत विधानसभा चुनाव में लोकसभा चुनाव की आठों सीटें गंवाने के बाद भाजपा इस लोकसभा चुनाव में अपनी कमजोरी दूर करने में कामयाब रही। जनता से सम्पर्क व मोदी लहर को मतदाता तक पहुंचाने की रणनीति कामयाब रही। खास बात यह है कि दौसा विधानसभा सीट पर करीब 48 हजार मतों को पांच माह में ही भाजपा अपने पाले में ले आई। बांदीकुई व चाकसू से शानदार लीड ली। थानागाजी, बस्सी व लालसोट में भी अच्छा प्रदर्शन किया।
दौसा, सिकराय व महुवा में भाजपा को काफी अंतर से पीछे माना जा रहा था, लेकिन मेहनत से उस अंतर को कम कर दिया गया। दौसा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली ने भी भाजपा के लिए संजीवनी का काम किया। इसके अलावा विधानसभा चुनाव में खिसके ओबीसी वोट बैंक को वापस हासिल करने में भी भाजपा सफल रही। एससी-एसटी वोट बैंक में भी सेंधमारी की गई।

भाजपा -जीत के प्रमुख कारण


1. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति मतदाताओं का विश्वास
2. भाजपा के प्रचार की रणनीति व जनसंपर्क
3. भाजपा का मजबूत संगठन व बूथ लेवल कार्यकर्ता

कांग्रेस: पांच माह में ही पिछड़ गए, अधिकतर जगह घटे वोट

कांग्रेस गत विधानसभा चुनाव की तुलना में इस लोकसभा चुनाव में हर जगह से पिछड़ी। अधिकतर जगह से वोट घट गए। उद्योग मंत्री परसादीलाल मीना के लालसोट से कांग्रेस 13203 मतों से हार गई। दौसा विधानसभा सीट से कांग्रेस को मामूली जीत मिली। विधानसभा चुनाव में दौसा सीट से कांग्रेस 50 हजार से अधिक वोट से जीती थी, जबकि पांच माह में ही यह अंतर सिर्फ 1891 मतों का रह गया है।
महिला बाल विकास राज्यमंत्री ममता भूपेश के सिकराय विधानसभा से कांग्रेस 14857 मतों से जीती, लेकिन अंतर विधानसभा चुनाव से आधा रह गया। इसके अलावा थानागाजी व बस्सी में भी कांग्रेस को निर्दलीय विधायकों का समर्थन मिला था, लेकिन पार्टी वहां भी जीत नहीं पाई। मात्र महुवा में कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों की तुलना में अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि दोनों चुनाव के समीकरणों में फर्क है, लेकिन जनता में कांग्रेस हार की चर्चा हो रही है।
कांग्रेस-हार के प्रमुख कारण


1. अति आत्मविश्वास व कमजोर रणनीति
2. मतदाताओं के मूड़ को नहीं भांप पाना
3. आपसी गुटबाजी व मनमुटाव

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो